11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से महिला पंच की मौत, दीपावली सफाई के दौरान हुआ हादसा; ग्रामीणों ने विभाग पर लगाया शिकायतों की अनदेखी का आरोप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– दीपावली की तैयारियों के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। समाज के सामाजिक भवन की सफाई कर रही 35 वर्षीय महिला पंच की 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। भवन की ऊपरी दीवार की सफाई के दौरान वह लोहे की सीढ़ी पर चढ़ी थीं, तभी छत के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह नीचे गिर पड़ीं। ग्रामीण उन्हें अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मामला महासमुंद जिले के ग्राम कुकराडीह का है।
सफाई के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, महासमुंद जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर ग्राम कुकराडीह में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे भाग्यलक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह की 10 महिलाएं कंवर समाज के सामाजिक भवन की सफाई करने पहुंची थीं। इनमें वार्ड क्रमांक-3 की पंच कालंद्री दीवान भी शामिल थीं।
दीपावली की तैयारी के लिए महिलाएं भवन की साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान कालंद्री ऊपरी दीवार की सफाई करने के लिए लोहे की सीढ़ी लगाकर ऊपर चढ़ीं। तभी भवन की छत के पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगने से वह सीढ़ी से नीचे गिर गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तत्काल उन्हें निजी वाहन से महासमुंद अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। गांव के पूर्व सरपंच जीवनलाल साहू का कहना है कि सामाजिक भवन के पास से गुजर रही बिजली लाइन की ऊंचाई कम होने की जानकारी विभागीय अधिकारियों को पहले ही दी गई थी। इस संबंध में कई बार मौखिक और लिखित शिकायत भी की गई, लेकिन लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि विभाग ने समय रहते शिकायतों पर ध्यान दिया होता और आवश्यक सुधार किया होता, तो इस हादसे को टाला जा सकता था। घटना के बाद गांव में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है।
भवन में रखा जाता था पीडीएस का राशन
बताया गया कि भाग्यलक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह सरकारी राशन दुकान का संचालन करता है। राशन दुकान तक बड़े वाहन नहीं पहुंच पाने के कारण सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का राशन कंवर समाज के सामाजिक भवन में रखा जाता था। भवन का उपयोग करने के बदले समाज की ओर से समूह की महिलाओं को दीपावली से पहले भवन की सफाई और पोताई करने के लिए कहा गया था। इसी के चलते महिलाएं सोमवार सुबह सफाई के लिए पहुंची थीं।
दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया
कालंद्री दीवान की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। उनके परिवार में पांच साल की बेटी और तीन साल का बेटा है। दीपावली की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली लाइन की सुरक्षा को लेकर पहले की गई शिकायतों पर कार्रवाई होती तो आज एक परिवार को अपना सहारा नहीं खोना पड़ता।
फिलहाल तुमगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











