क्रूरता की सारी हदें पार! 5 साल के मासूम की गला रेतकर हत्या, शरीर के अंग निकालकर बाल्टी में रखे
जल्दी अमीर बनने की चाह में आरोपी ने पार की क्रूरता की सारी हदें

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां 4-5 साल के मासूम बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले आरोपी ने न केवल उसकी बेरहमी से हत्या कर दी, बल्कि शरीर के महत्वपूर्ण अंग निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिए। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और खेत में पानी से भरे गड्ढे में दफना दिया।
पुलिस ने मामले में आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जल्दी और ज्यादा पैसा कमाना चाहता था। इसी लालच में उसने सोशल मीडिया पर अंग बेचने के तरीके तलाशे और फिर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। मामला जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामजीत राम ने 7 नवंबर को सन्ना थाने में अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेन्द्र राम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रामजीत करीब एक साल पहले अपने परिवार के साथ मजदूरी करने सन्ना आया था और आमटचुआ नदी डेम के पास झोपड़ी बनाकर रह रहा था। आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू का परिवार के घर आना-जाना था। वह रिश्ते में रामजीत का ममेरा भाई लगता है।
बच्चे के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने जितेन्द्र को बासुदेव के साथ खेत में बनी झोपड़ी की ओर जाते देखा था। इसके बाद परिवार ने आसपास के गांवों और खेतों में तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला।
खेत के गड्ढे में मिली बोरी में बंद मासूम की लाश

7 नवंबर की सुबह परिजन फिर बच्चे की तलाश में निकले। इसी दौरान सन्ना गांव के एक खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में एक बोरी दिखाई दी। संदेह होने पर बोरी खोली गई तो उसके भीतर कंबल और गोधड़ी में लिपटा मासूम का शव मिला। शव को मिट्टी से दबाया गया था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और संदेह के आधार पर बासुदेव उर्फ टंगनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
जल्दी अमीर बनने की चाह में रची खौफनाक साजिश
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मजदूरी से मिलने वाली रकम से संतुष्ट नहीं था। वह कम समय में ज्यादा पैसा कमाना चाहता था और इसके लिए सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरीके तलाशता रहता था। इसी दौरान उसके मन में बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया। इसी मंशा से उसने मासूम जितेन्द्र को निशाना बनाया।
आरोपी ने बच्चे को बहलाकर गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया। इसके बाद उसे महानदी डेम के पास सौर ऊर्जा प्लेट के नीचे और जंगल की ओर घुमाया। बाद में सन्ना खुटाटांगर पहुंचकर शराब और मुर्गा खरीदा। झोपड़ी में लौटकर मुर्गा बनाया और बच्चे को भी शराब पिलाई। पुलिस के अनुसार, जब बच्चा नशे में सो गया, तब आरोपी ने चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद शरीर के अंग निकाले, बाल्टी में छिपाकर रखे
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के सीने और पेट को चाकू से काटकर किडनी, फेफड़े और आंखें निकाल लीं। इन अंगों को प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिया। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और बहादुर के खेत में पानी से भरे गड्ढे में डालकर मिट्टी से दबा दिया।
वारदात में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और अंगों से भरी बाल्टी को भी आरोपी ने बांस के झुरमुट के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।
आरोपी गिरफ्तार, शव सहित अहम साक्ष्य जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मासूम का शव, हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे अंग और आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27), पिता अमृत, निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। महज चंद पैसों के लालच और जल्द अमीर बनने की चाह में एक मासूम की जिंदगी छीन लेने की इस वारदात ने इंसानियत को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
दुष्कर्म का विरोध करने पर महिला और मासूम की हत्या, बेहोश होने पर महिला से दुष्कर्म, बुजुर्ग गिरफ्तार











