अन्नकूट पर नवापारा-राजिम में दिखा आस्था का उत्साह, राधाकृष्ण मंदिर से राजीव लोचन मंदिर तक उमड़े श्रद्धालु

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– दीपावली पर्व के बाद अन्नकूट महोत्सव को लेकर नवापारा नगर में धार्मिक उल्लास और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नगर के हृदय स्थल गांधी चौक के समीप स्थित ऐतिहासिक राधाकृष्ण मंदिर में आयोजित अन्नकूट महोत्सव में श्रद्धालुओं का ऐसा सैलाब उमड़ा कि प्रसादी ग्रहण करने के लिए मंदिर परिसर से बाहर तक कतारें लग गईं। भगवान के दर्शन और छप्पन भोग की मनोहारी झांकी देखने के लिए नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में भक्त पहुंचे। आयोजन में लगभग 3 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ लिया।

100 वर्ष पुरानी परंपरा, अनेक देवी-देवताओं के विराजमान हैं विग्रह

गांधी चौक के समीप स्थित इस प्राचीन राधाकृष्ण मंदिर का निर्माण लगभग 100 वर्ष पूर्व सेठ रेखराज चतुर्भुज अग्रवाल परिवार द्वारा कराया गया था। मंदिर में मुख्य विग्रह भगवान राधाकृष्ण के साथ भगवान जगन्नाथ, बलदाऊ जी एवं सुभद्रा मैया, मां दुर्गा, शिव परिवार, हनुमान जी तथा अग्रसेन महाराज के विग्रह विराजमान हैं। मंदिर में वर्षभर विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक उत्सवों का आयोजन होता रहता है। इन्हीं प्रमुख आयोजनों में अन्नकूट महोत्सव का विशेष स्थान है, जिसे प्रतिवर्ष बड़े उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाता है।

छप्पन भोग से सजा भगवान का दरबार

अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर भगवान को नवीन वस्त्र धारण कराकर आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसके बाद भगवान के समक्ष परंपरानुसार छप्पन भोग अर्पित किए गए। इसमें मीठे, नमकीन, तीखे, चटपटे और खट्टे-मीठे व्यंजनों के साथ चिप्स, ड्राईफ्रूट, पूड़ी, चावल, दाल सहित विभिन्न प्रकार के पकवान शामिल रहे। भजन-कीर्तन के बीच भगवान को भोग अर्पित किया गया, जिसके बाद विधिवत आरती हुई। छप्पन भोग की आकर्षक सजावट और भगवान के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।

इस आयोजन की विशेषता यह रही कि मंदिर निर्माण कराने वाले सेठ रेखराज चतुर्भुज अग्रवाल परिवार की पीढ़ियां आज भी इस धार्मिक परंपरा को पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ आगे बढ़ा रही हैं। छप्पन भोग की तैयारी में परिवार के सदस्य सुबह से ही जुट जाते हैं। मंदिर के सर्वराकार मोहन अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, गिरधारी अग्रवाल, अभिषेक, नयन, प्रतीक, चलबुल एवं रवि अग्रवाल सहित परिवार की महिलाओं ने पूरी लगन से सेवा दी। इनके साथ संतोष अग्रवाल, टिल्लू शर्मा, कमलेश जैन सहित अन्य भक्तगणों ने भी आयोजन में अपना योगदान दिया।

तीन घंटे तक चला प्रसादी वितरण

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सालासर सुंदरकांड हनुमान चालीसा समिति ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समिति के संस्थापक राजू काबरा के निर्देशन तथा अध्यक्ष तारणी शर्मा के नेतृत्व में समिति के सभी सदस्यों ने शुरुआत से लेकर समापन तक प्रसादी वितरण और परोसगारी की जिम्मेदारी संभाली। श्रद्धालुओं को पूरे सम्मान और व्यवस्था के साथ भरपेट प्रसादी परोसी गई।

इस वर्ष श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी अधिक रही कि प्रसादी ग्रहण करने के लिए दो कतारबद्ध लाइनें बनाई गईं, जो मंदिर परिसर से बाहर तक पहुंच गईं। शाम 6 बजे से शुरू हुआ प्रसादी वितरण रात 9 बजे तक लगातार चलता रहा। लगभग तीन हजार श्रद्धालुओं ने अन्नकूट की प्रसादी ग्रहण की।

मंदिर ट्रस्ट ने जताया आभार

भारी भीड़ के बावजूद आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। मंदिर ट्रस्टियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी परिवारजनों, समिति सदस्यों, सेवाभावी भक्तों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भक्तों के सहयोग और भगवान के आशीर्वाद से इतना बड़ा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

सत्यनारायण और राजीव लोचन मंदिर में भी उमड़ी भीड़

वहीं नगर के सत्यनारायण मंदिर में भी आकर्षक साज-सज्जा की गई थी, जहां श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पूजा-अर्चना की। भक्तों को खिचड़ी का प्रसाद बाँटा गया।

दूसरी ओर राजिम स्थित ऐतिहासिक भगवान राजीव लोचन मंदिर में भी दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। पूरे नवापारा-राजिम क्षेत्र में अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा के काली मंदिर में 24 वर्षों से चली आ रही परंपरा: बेलपत्र से दी गई 1008 आहुतियां, महानिशीथकाल में हुई मां काली की विशेष आराधना

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parineeti Raghav Wedding : परिणीति राघव हुए एक-दूजे के , सामने आई ये शानदार फ़ोटोज janhvi kapoor :जान्हवी कपूर की ये लुक , नजरे नहीं हटेंगी आपकी Tamanna bhatia : तमन्ना भाटिया ने फिल्म इंडस्ट्री में पूरे किए 18 साल