राइस मिल पर प्रशासन का छापा, 14 लाख का 550 क्विंटल धान जब्त; 17 मिलर्स को पहले ही नोटिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान की कस्टम मिलिंग के बाद निर्धारित मात्रा में चावल जमा नहीं कराने वाले राइस मिलर्स पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में खाद्य विभाग और मार्कफेड की संयुक्त टीम ने कुरूद स्थित शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज में जांच के दौरान 550 क्विंटल धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई से राइस मिलर्स में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान की कस्टम मिलिंग के तहत शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज को निर्धारित मात्रा में चावल जमा कराना था। लेकिन जांच के दौरान पाया गया कि मिल द्वारा अनुबंध के अनुसार चावल जमा नहीं कराया गया था। कस्टम मिलिंग में लापरवाही और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन सामने आने पर संयुक्त टीम ने मिल परिसर से 550 क्विंटल धान जब्त कर लिया।
प्रशासन ने यह कार्रवाई कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश-2016 की कंडिका 3/7 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत की है।
17 राइस मिलर्स को पहले ही जारी हो चुका है नोटिस
जिले में कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा नहीं कराने और निर्धारित प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले 17 राइस मिलर्स को जिला प्रशासन पहले ही नोटिस जारी कर चुका है। अब शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज पर हुई कार्रवाई से स्पष्ट है कि प्रशासन इस मामले में सख्ती बरतने के मूड में है। अधिकारियों ने साफ किया है कि निर्धारित समय और प्रक्रिया के अनुसार चावल जमा नहीं कराने वाले मिलर्स के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
धमतरी में 5.96 लाख मीट्रिक टन धान की हुई खरीदी
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए कुल 1,29,593 किसानों ने पंजीयन कराया था। इनमें 73,987 सीमांत, 53,154 लघु और 2,452 दीर्घ कृषक शामिल थे। पंजीकृत किसानों के पास कुल 1,27,713.74 हेक्टेयर रकबा दर्ज था। इनमें से 1,24,465 किसानों से कुल 5,96,522.16 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। इसके एवज में किसानों को कुल 1,41,432.62 लाख रुपए का भुगतान किया गया।
खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, शासन के निर्देशानुसार धान उपार्जन और कस्टम मिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। चावल जमा कराने में लापरवाही करने वाले राइस मिलर्स के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











