एकतरफा प्यार में युवती की निर्मम हत्या, गला दबाया फिर कई बार चाकू से गोदा, आरोपी ने पहले से रची थी पूरी साजिश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एकतरफा प्यार की सनक ने 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की जान एक सनकी युवक ने ले ली। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी पूरी योजना बनाकर हत्या करने पहुंचा था। उसने न केवल वारदात की पहले से साजिश रची थी, बल्कि सबूत मिटाने की भी पूरी तैयारी कर रखी थी। मामला दुर्ग जिले के भिलाई का है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी 9 जुलाई को भी रायपुर से भिलाई आया था, लेकिन उस दिन खुशी अपने कमरे में नहीं मिली, जिससे वह अपने इरादे में सफल नहीं हो सका। अगले दिन 10 जुलाई को वह दोबारा भिलाई पहुंचा और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया।
छात्रा खुशी साहू रामनगर में किराए के कमरे में रहती थी। 10 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे आरोपी वहां पहुंचा, जहां खुशी अपनी सहेली के साथ मौजूद थी। इसी दौरान सहेली बाथरूम चली गई। मौका मिलते ही आरोपी कमरे में घुसा और पहले खुशी का गला दबाया, फिर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ 10 से 11 वार कर दिए। गला दबाने से खुशी के गले की हड्डी भी टूट गई। जब तक सहेली बाहर आई, आरोपी मौके से फरार हो चुका था। गंभीर रूप से घायल खुशी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या की पूरी तैयारी कर पहुंचा

जांच में पता चला कि आरोपी हत्या की पूरी तैयारी के साथ आया था। उसने एक के ऊपर एक दो शर्ट पहन रखी थी और जींस के अंदर बरमूडा भी पहन रखा था। वारदात के बाद उसने खून से सनी शर्ट, जींस और एक जूते को कुम्हारी के पास खारून नदी में फेंक दिया, ताकि पुलिस को कोई सबूत न मिले। इसके बाद अंदर पहने कपड़ों में ही वह फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी खुशी से एकतरफा प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था। हालांकि खुशी ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया था और कुछ सप्ताह पहले उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने उसकी हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक आरोपी खुशी का दूर का रिश्तेदार भी है, जिससे दोनों की पहले से पहचान थी।
बलौदाबाजार से किया गिरफ्तार

तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी लाकेश्वर उर्फ पिंटू साहू को बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से सकरी गांव का निवासी है और रायपुर के खमतराई क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है। वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
पीजी के कमरे में नर्सिंग छात्रा की निर्मम हत्या, सहेली के नहाते जाते ही घुसा कातिल











