स्पा सेंटर में सेवा देने की जिद, मना करने पर किया हवाई फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल व एयर गन जब्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में एक ब्यूटी पार्लर एवं स्पा सेंटर के बाहर हवाई फायरिंग की घटना सामने आई है। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक लाइसेंसी पिस्टल और एक एयर गन बरामद की है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब इलाके की है।
पुलिस के अनुसार घटना 25 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे की है। दुकान बंद होने के बाद दो युवक स्पा सेंटर पहुंचे और सेवा देने की जिद करने लगे। पार्लर संचालिका ने उन्हें बताया कि दुकान बंद हो चुकी है और स्टाफ भी जा चुका है। इस पर दोनों युवक शराब के नशे में बहस करने लगे। इसी दौरान एक आरोपी ने अपने पास रखी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर हवाई फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज से क्षेत्र में दहशत फैल गई।
घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना संचालिका ने अगले दिन सिविल लाइन थाने में दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और महज दो घंटे के भीतर दोनों को धर दबोचा। आरोपियों की पहचान यूपी के शेखपुर निवासी सुनील कुमार पांडेय (46) और रायपुर मोवा निवासी अंगद सिंह (33) के रूप में हुई है। सुनील कुमार निजी पीएसओ के रूप में कार्यरत है। वहीं अंगद सिंह पेशे से ड्राइवर है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Bi1gPFRXBEjBeoNhF41JIu
यह खबर भी जरुर पढ़े
स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां, महिला कर्मचारी से गलत काम कराने का आरोप











