फिर डबल मर्डर से सनसनी: मां और 10 माह की मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या, बोर घर में मिले खून से लथपथ शव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में दिल दहला देने वाली डबल मर्डर की वारदात सामने आई है। जहां एक महिला और उसकी 10 महीने की मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दोनों के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने की आशंका है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत छापरपानी गांव में मृतका बरत कुमारी (40 वर्ष) और उसकी 10 महीने की बेटी परी भी मृत पाई गई है। ग्रामीणों के अनुसार बरत कुमारी को अंतिम बार सुकवास गांव से चावल लेकर लौटते हुए देखा गया था। गुरुवार सुबह ग्रामीण जब बोर घर के पास पहुंचे तो उन्होंने बरत कुमारी को खून से लथपथ गंभीर हालत में देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी।

परिजन मौके पर पहुंचे तो महिला के सिर और चेहरे पर गहरी चोट के निशान मिले। वहीं उसकी 10 महीने की बेटी परी भी मृत अवस्था में पड़ी थी, जिसके सिर पर भी गंभीर चोट के निशान थे। परिजन गंभीर रूप से घायल बरत कुमारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही लैलूंगा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में दोनों की हत्या किसी भारी वस्तु से हमला कर किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी

बताया जा रहा है कि बरत कुमारी के पति की लगभग 4-5 वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और वह इधर-उधर भटककर अपना जीवन यापन कर रही थी। करीब 10 महीने पहले उसने एक बच्ची को जन्म दिया था। बच्ची के पिता की पहचान भी स्पष्ट नहीं हो सकी है। महिला अपनी बेटी के साथ गांव के खेत में बने बोर घर में रहती थी।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

झाड़ियों में अर्धनग्न अवस्था में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका; पति लापता, पुलिस जांच में जुटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button