प्रोफेसर-छात्रा विवाद: प्राध्यापक के बाद अब छात्रा पर भी FIR, रुपए मांगने और झूठे केस की धमकी का आरोप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सरकारी कॉलेज के सहायक प्राध्यापक और छात्रा के बीच विवाद में बड़ा ट्विस्ट आया है। बता दें कि पहले छात्रा की शिकायत पर प्रोफेसर के खिलाफ अश्लील संदेश भेजने और मानसिक प्रताड़ना का मामला दर्ज हुआ था, वहीं अब प्रोफेसर की शिकायत पर भी पुलिस ने छात्रा के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है। मामला रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, शासकीय महाविद्यालय कुंजारा में पदस्थ सहायक प्राध्यापक रेमन भार्गव ने शिकायत में आरोप लगाया है कि भागीरथी पटेल कॉलोनी निवासी युवती उनके घर आती-जाती थी और कई बार उधार में रुपए मांग चुकी थी। हाल में पैसे देने से इनकार करने पर उसने गाली-गलौज की, कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारे और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। प्रोफेसर ने यह भी दावा किया कि घटना के बाद भय के कारण उन्हें कुछ समय के लिए लैलूंगा छोड़कर रायगढ़ जाना पड़ा। पुलिस ने उनकी शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले छात्रा ने लगाए थे गंभीर आरोप
इससे पहले वायरल वीडियो सामने आने के बाद छात्रा ने आरोप लगाया था कि सहायक प्राध्यापक पिछले करीब डेढ़ वर्ष से व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए अश्लील संदेश भेज रहे थे तथा उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे थे। छात्रा ने मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए दावा किया था कि उसके पास चैट सहित डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित हैं। उसकी शिकायत पर पुलिस ने प्रोफेसर के खिलाफ बीएनएस की धारा 78 और 79 के तहत मामला दर्ज किया था।
वायरल वीडियो से सुर्खियों में आया था मामला
पूरा मामला उस समय चर्चा में आया, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें छात्रा प्रोफेसर का कॉलर पकड़कर उन्हें थप्पड़ मारती और तीखी बहस करती दिखाई दी। वीडियो में प्रोफेसर की पत्नी भी बीच-बचाव करती नजर आई थीं। इस घटना ने गुरु-शिष्य संबंधों और कॉलेजों में आचरण को लेकर व्यापक बहस छेड़ दी थी।
अब दोनों पक्षों के आरोपों की होगी जांच
प्रोफेसर के खिलाफ दर्ज केस और अब छात्रा के खिलाफ दर्ज एफआईआर के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस अब दोनों पक्षों के बयान, डिजिटल साक्ष्य, उपलब्ध दस्तावेज और अन्य प्रमाणों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर रही है। लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि पहले छात्रा की शिकायत पर सहायक प्राध्यापक के खिलाफ और अब प्रोफेसर की शिकायत पर छात्रा के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। दोनों मामलों की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











