चंद रुपयों के विवाद में दोस्त की बेरहमी से हत्या, पहले गला दबाया फिर ईट से किए कई वार, दो आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां कुछ रुपए के विवाद में दो युवकों ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार 28 मार्च की शाम बंदोरा गांव में एक युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान राहुल कुर्मी 25 वर्ष के रूप में हुई। राहुल गांव में ही धुलाई मशीन सेंटर संचालित करता था। बताया जा रहा है कि 28 मार्च की सुबह वह काम के सिलसिले में बाहर गया था। शाम करीब 4 बजे उसके घर के पास ही उसके दोस्त इंद्र कुमार गबेल (35) और नारायण यादव (20) पहुंचे। इंद्र कुमार ने राहुल से अपने 1800 रुपए वापस मांगे और मोबाइल का फेस लॉक पासवर्ड बताने को कहा, जिसे राहुल ने बदल दिया था। वहीं नारायण यादव को शक था कि उसके भाई का मोबाइल भी राहुल ने ही चुराया है।
बेरहमी की हद पार
इसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। गुस्से में आकर इंद्र और नारायण ने मिलकर राहुल का कपड़े से गला घोंटना शुरू कर दिया। राहुल की सांसें तब भी चल रही थीं, तब आरोपियों ने बेरहमी की हद पार करते हुए उसके सिर और चेहरे पर ईंट से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शाम को ही राहुल का शव उसके घर के पास ही मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर जांच शुरू की। जांच के दौरान गला दबाने और सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के घर दबिश दी और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में इंद्र कुमार गबेल और नारायण यादव ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि पैसों और मोबाइल को लेकर हुए विवाद के चलते उन्होंने मिलकर राहुल की हत्या कर दी। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद 29 मार्च को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











