पितईबंद में श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा पर्व, 18 बच्चों का हुआ विद्यारंभ संस्कार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम के समीपस्थ शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय पितईबंद में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्रा वर्षा बंजारे एवं हीना ने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। वहीं आमनी, खुशी एवं तेजल ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों एवं अभिभावकों का आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान संतोष कुमार साहू के आचार्यत्व में विद्यारंभ संस्कार संपन्न कराया गया। इस अवसर पर कक्षा पहली के 18 बच्चों का वैदिक रीति-रिवाज एवं मंत्रोच्चार के साथ विद्यारंभ संस्कार कराया गया। बच्चों को गुरु पूर्णिमा का महत्व बताते हुए पट्टी पूजन कराया गया तथा उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। सभी बच्चों को शुभकामना पत्र एवं पेन भेंट किए गए।

भविष्य की मजबूत नींव

वरिष्ठ शिक्षक सुनील कुमार पाण्डेय ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिन गुरुजनों की कृपा से हमें शिक्षा और संस्कार प्राप्त हुए हैं, उनके प्रति हम जीवनभर ऋणी रहते हैं। सेवानिवृत्त प्रधान पाठक चोवा राम बंजारे ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता बताते हुए विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा आरुणि की गुरुभक्ति का प्रेरक प्रसंग साझा किया। उपसरपंच शेखर बंजारे एवं सचिव ओमप्रकाश डहरिया ने कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है और विद्यारंभ संस्कार उनके व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन योगेश्वरी साहू ने किया। अंत में प्रधान पाठक चंद्रप्रभा सोनवानी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा सभी शिक्षकों का श्रीफल एवं गमछा भेंटकर सम्मान किया गया, वहीं शिक्षकों की ओर से भी अतिथियों का पेन एवं श्रीफल देकर सम्मान किया गया। शिक्षक संतोष कुमार साहू ने सभी को एक-एक जामुन का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस गरिमामय अवसर पर नरेश बया अध्यक्ष, शाला प्रबंधन समिति, राजेश बंजारे (पूर्व अध्यक्ष), आशा ध्रुव (प्रधान पाठक), विजय कुमार महोबिया, सुनील कुमार कौशिक, अराधना नाग, भारती साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

पितईबंद के गौठान में रोपे गए ‘देव वृक्ष’ पीपल और बरगद, लगातार वृक्षारोपण का लिया संकल्प

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button