गरियाबंद जिले में समूह की महिलाओं से लाखों की ठगी, निजी कंपनी के मैनेजर ने लोन प्रीमियम के 6.54 लाख किए गबन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में गरीब महिलाओं का समूह बनाकर उन्हें लोन देने वाली एक निजी कंपनी के मैनेजर को पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने समूह की महिलाओं से लोन प्रीमियम लेकर खुद ही गबन कर लिया। आरोपी ने करीब 6.54 लाख की ठगी की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(2), 316(5) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पूरा मामला देवभोग थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, सेटिन क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड (नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल) कंपनी गरीब महिलाओं का समूह बनाकर उन्हें लोन देती है। बताया गया कि महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भिलाईगढ़ निवासी उमाकांत पुरी पिता मनोरंजन पुरी (30) मैनेजर के पद पर पदस्थ था। उमाकांत महिला ग्राहकों को लोन की राशि बांटकर लोन की वसूली करता था। उमाकांत ने 1 मई 2024 से 20 मार्च 2025 (11 माह) तक लोन की राशि वसूल की थी। कुछ ग्राहकों ने देवभोग शाखा में उपस्थित होकर प्रबंधक उमाकांत पुरी के पास राशि जमा की थी। कुछ ग्राहकों ने उनके मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन जमा की थी।
लेकिन उमाकांत ने लोन की राशि को शाखा के खाते में जमा करने के बजाय गबन कर लिया। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने धारा 318(2), बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया। जांच के दौरान प्रार्थी द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर मामले में धारा 316(5) जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी उमाकांत पुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CkhMZMO6zDG8IdQsfVBnJd