मतांतरण करवा रही महिला व युवती को भीड़ ने कर दी पिटाई, थाने पहुंचने के बाद लोगों ने कही ये बात…

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- उरला में मतांतरण करवा रही एक महिला और एक युवती की लोगों ने मिलकर पिटाई कर दी। वहीं मतांतरण करवा रही मुख्य महिला मौके से फरार हो गई। इधर मामले की जानकारी लगते ही भिलाई के मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्ष के लोगों को थाना लाया गया। बताया जा रहा है कि थाना में दोनों पक्षों ने शिकायत करने से मना कर दिया। इसके बाद उनसे शिकायत न करवाने की बात लिखित में लेकर उन्हें थाना से रवाना कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार पूरी घटना मंगलवार की है। भिलाई मोहन नगर क्षेत्र के उरला बस्ती में चित्रलेखा साहू अपने अपने घर पर प्रार्थना सभा कर रही थी। उसके साथ उपस्थित एक महिला और एक युवती भी लोगों को मतांतरण के लिए उकसा रही थी। बस्ती के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो वे लोग चित्रलेखा साहू के घर पर पहुंचे लेकिन, लोगों की भीड़ देखकर चित्रलेखा फरार हो गई। वहीं उसके घर पर पहुंची महिला व युवती को लोगों ने पकड़ लिया। बस्ती की महिलाओं ने दोनों की जमकर पिटाई भी कर दी।
लोगों का आरोप था कि ये लोग प्रार्थना सभा के नाम पर बस्ती के लोगों को मतांतरण करवा रहे हैं। उन्हें प्रलोभन और लालच दिए जा रहे हैं। मारपीट की जानकारी लगते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्ष के लोगों को थाना लाया गया। जहां पर दोनों पक्षों ने शिकायत न करने की बात लिखित में दी और वहां से चले गए। शिकायत न मिलने पर पुलिस ने भी किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की।