तेंदुए की खाल के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, दो बाइक जब्त
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– वन्यजीव संरक्षण और वन्यजीव तस्करी पर रोक लगाने वन विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में नारायणपुर जिले के धौड़ाई वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को तेंदुए की खाल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तेंदुए की खाल के अलावा दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार वनमंडलाधिकारी के निर्देशन में धौड़ाई परिक्षेत्र के वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम 8 अगस्त 2026 को गश्त पर थी। इसी दौरान गायतापारा सड़क किनारे तीन व्यक्ति दो मोटरसाइकिलों से तेंदुए की खाल ले जाते हुए मिले। वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। मौके से वाहन क्रमांक CG-21/J-4096 और CG-21/J-0920 तथा तेंदुए की खाल जब्त की गई।
वन विभाग के अनुसार जब्त तेंदुए की खाल की लंबाई 184 सेंटीमीटर, सामने के दोनों पैरों के बीच की लंबाई 125 सेंटीमीटर, पीछे के दोनों पैरों के बीच की लंबाई 118 सेंटीमीटर और पेट की चौड़ाई 55 सेंटीमीटर है।
भेजा गया जेल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनूराम कचलाम (39 वर्ष), निवासी ग्राम रोहताड़, छोटेडोंगर, पुनीत कुमार बघेल (32 वर्ष), निवासी ग्राम छोटेडोंगर (डुरकाडोंगरी) और जमधर पोटाई (50 वर्ष), निवासी ग्राम तारागांव, धौड़ाई के रूप में हुई है।
वन विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, नारायणपुर के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने वन अधिकारियों को वन्यजीव संरक्षण की कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
तेंदुए की खाल की तस्करी: वन विभाग ने खरीदार बनकर तस्करों से किया संपर्क, 9 आरोपी गिरफ्तार











