गरियाबंद के आबकारी कर्मचारी से लूट, धमकाकर खेत में ले गए बदमाश, सोने के जेवर लूटे
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– अभनपुर क्षेत्र में देर रात लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने आबकारी विभाग के एक कर्मचारी को धमकाकर खेत में ले जाकर उसके सोने के जेवर लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित आकाश कुमार तिवारी (38) गरियाबंद में आबकारी विभाग में लिपिक के पद पर पदस्थ हैं। 2 मई की रात वह ड्यूटी के बाद अपने मित्र के घर राजिम गए थे। वहां से खाना खाने के बाद रात करीब 11.30 बजे रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12.30 बजे ग्राम केंद्री बस स्टॉप के पास वे कुछ देर के लिए यात्री प्रतीक्षालय में रुके।
सोने की अंगूठियां और चेन लूटी
इसी बीच अभनपुर की ओर से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पहले उन्होंने माचिस मांगी और फिर अचानक गांजा रखने की बात कहकर जबरन तलाशी लेने लगे। विरोध करने पर दोनों ने पीड़ित को पकड़ लिया और जबरदस्ती पास के खेत में ले गए। खेत में आरोपियों ने पीड़ित को जमीन पर गिराकर जान से मारने की धमकी दी और उसके दाहिने हाथ की दो सोने की अंगूठियां तथा गले की सोने की चेन लूट ली। लूटे गए जेवरों की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई जा रही है। अकेले होने के कारण पीड़ित बदमाशों का विरोध नहीं कर सका।
FIR दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। पीड़ित किसी तरह अपने घर पहुंचा और अगले दिन 3 मई को अभनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध बाइक सवार युवकों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX











