आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल: युवक ने उठाया आत्मघाती कदम, महिला आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है, जहां निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी से परेशान एक युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। लगातार मानसिक प्रताड़ना और पैसों की मांग से टूट चुके युवक ने कीटनाशक पी लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मामले में पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक और आरोपी महिला पहले से एक-दूसरे को जानते थे। करीब 12 से 15 दिन पहले महिला ने युवक की निजी और आपत्तिजनक तस्वीरें उसके मोबाइल फोन तथा परिजनों के नंबरों पर भेजना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने उन तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग की।
धमकी देकर ब्लैकमेल किया
जांच में सामने आया है कि आरोपी लगातार युवक पर दबाव बना रही थी। फोटो सार्वजनिक करने की धमकियों और बार-बार पैसों की मांग से युवक गहरे मानसिक तनाव में आ गया। हालात ऐसे बने कि उसने जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का प्रयास कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि युवक पिछले सात दिनों से उपचाराधीन है और उसकी स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
डिजिटल साक्ष्यों ने खुली ब्लैकमेलिंग का खेल
पीड़ित की शिकायत पर अकलतरा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध कायम किया गया। जांच के दौरान पुलिस को व्हाट्सएप चैट, मोबाइल मैसेज और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले, जिनसे ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोपों की पुष्टि हुई।
राजनांदगांव से दबोची गई आरोपी
जिसके बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाई और राजनांदगांव पहुंचकर महिला आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ी गई महिला, लोगों ने युवक को दौड़ाया, बाइक छोड़कर फरार; वीडियो वायरल











