पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: 300 किलो गांजा जब्त, 1.86 करोड़ की संपत्ति के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 300 किलोग्राम गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा, दो लग्जरी वाहन सहित करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामला रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
नाकेबंदी में फंसे तस्कर
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से भारी मात्रा में गांजा दो सफेद रंग की कारों के जरिए मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कटकलिया मार्ग पर पुलिस ने एक संदिग्ध टोयोटा इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की।
दोहरी नंबर प्लेट ने खोली तस्करी की पोल
जांच के दौरान इनोवा क्रिस्टा में दोहरी नंबर प्लेट लगी मिली। वाहन पर ओडिशा और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों के नंबर प्रदर्शित किए गए थे, जिससे तस्करी के लिए पहचान छिपाने का प्रयास किया जा रहा था। यह देखकर पुलिस का संदेह और गहरा गया। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजा का कुल वजन लगभग 300 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है।
करोड़ों की संपत्ति जब्त
पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही दोनों लग्जरी कारों के साथ पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनमें दो आईफोन शामिल हैं। जब्त वाहनों, मोबाइल फोन और गांजा की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये बताई गई है।
तीन तस्कर गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने निखिल कश्यप (23 वर्ष), रिंकु कश्यप (28 वर्ष) और धर्मेंद्र कुमार मौर्य (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजे की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में उनके सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











