युक्तियुक्तकरण के लिए जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय समिति का गठन, समय-सीमा में पूर्ण की जायेगी प्रक्रिया

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- राज्य शासन द्वारा जिले के स्कूलों में आवश्यकतानुसार शिक्षकों एवं शालाओं के युक्तियुक्तकरण के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किये गये है। इसी तारतम्य में कलेक्टर दीपक कुमार अग्रवाल ने जिले में संचालित शालाओं को युक्तियुक्तकरण किए जाने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये हैं।
आज समय-सीमा की समीक्षा बैठक में कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता एवं समय सीमा में पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य शासन से प्राप्त निर्देशों का पूर्णतः पालन होना चाहिए। युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया जिले में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय एवं खण्ड स्तरीय समिति का गठन किया गया है।
समिति में शामिल सभी अधिकारी युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया को सावधानीपूर्वक पूर्ण करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। कलेक्टर ने कहा कि प्रक्रिया के पूर्ण होने से शिक्षा विभाग में शिक्षकों की कमी की समस्या लगभग खत्म हो जायेगी। बच्चों के अध्यापन हेतु सभी विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध होंगे। जिससे बच्चों की पढ़ाई स्तर में सुधार होगा। कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि शालाओं में दर्ज बच्चों की संख्या को आधार मानकर विद्यालयों की सूची तैयार करें।
उन्होंने जिले में अतिशेष शिक्षकों की संख्या, शिक्षक विहीन शाला, एकल शिक्षक वाले विद्यालय की सूची भी समय सीमा में समिति को प्रस्तुत करने के लिए कहा। इस अवसर पर समय-सीमा की समीक्षा बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रीता यादव, अपर कलेक्टर अरविंद पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर नवीन भगत, पंकज डाहिरे सहित एसडीएम एवं जिला अधिकारीगण मौजूद रहे।
जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय समिति का गठन
कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने जिले में युक्तियुक्तकरण हेतु विकासखण्ड व जिला स्तरीय समिति का गठन किया है। समिति में शामिल सदस्यों को शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत प्रक्रिया को पूर्ण करने के निर्देश दिये गये है। जारी आदेशानुसार विकासखण्ड स्तरीय समिति समिति में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अध्यक्ष होंगे। समिति में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी सदस्य सचिव तथा सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक एवं महिला बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी सदस्य होंगे। इसी प्रकार जिला स्तरीय समिति समिति में कलेक्टर अध्यक्ष होंगे।
साथ ही जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सदस्य, जिला मुख्यालय के मुख्य नगरपालिका अधिकारी सदस्य, जिला शिक्षा अधिकारी सदस्य सचिव, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास विभाग सदस्य होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विकासखण्ड स्तरीय समिति एवं जिला स्तरीय समिति का गठन शासन के पत्रानुसार किया गया है। उक्त समिति को शासन के निर्देशानुसार परिशिष्ट में जानकारी तैयार कर, निर्धारित तिथि एवं समय में शालाओं एवं शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/EpBZvApYWz41PipgNDs6CU