गरियाबंद जिले में तिरंगा रैली का आयोजन, कलेक्टर, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक सहित स्कूली बच्चे हुए शामिल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में तिरंगा अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इसी तारतम्य में बुधवार को जिला मुख्यालय गरियाबंद के गांधी मैदान से सवेरे 7.30 बजे से नगर के तिरंगा चौक होते हुए मुख्य मार्ग, बाजार चौक, बस स्टेंड, गौरव पथ होते हुए वापस गांधी मैदान में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
तिरंगा रैली को कलेक्टर बी.एस. उइके, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर नगर पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, वरिष्ठ नागरिक अनिल चंद्रकार, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठन, व्यापारी वर्ग और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा के दौरान शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर दिखा। सड़कों के किनारे खड़े लोगों ने तिरंगे को सलामी दी और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा। हाथों में लहराते तिरंगे, देशभक्ति गीतों की गूंज और उल्लासपूर्ण माहौल ने एक अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। इस दौरान लगभग 500 से अधिक प्रतिभागियों ने यात्रा में भाग लिया। स्कूली बच्चों ने सामूहिक नारे लगाए, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी यात्रा में सक्रिय भागीदारी कर आज़ादी के अमृत महोत्सव की गरिमा बढ़ाई।
दिलों में राष्ट्रप्रेम को और बढ़ाएगी
कलेक्टर बी.एस. उइके ने कहा, यह तिरंगा यात्रा हमारे दिलों में राष्ट्रप्रेम को और बढ़ाएगी। गरियाबंद के लोगों ने यह साबित किया है कि देशभक्ति किसी एक दिन तक सीमित नहीं, बल्कि यह हमारी सोच और जीवनशैली का हिस्सा है। हमें शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए। तिरंगा रैली में निकालकर देशभक्ति की भावना विकसित करने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान के महत्व को बताया गया।
इस दौरान अपर कलेक्टर प्रकाश राजपूत, नवीन भगत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र चन्द्राकर, जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर, उप संचालक समाज कल्याण डी.पी ठाकुर, सहायक संचालक श्री मत्स्य, आलोक वशिष्ट, मुख्य नगर पालिका अधिकारी संध्या वर्मा, सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CkhMZMO6zDG8IdQsfVBnJd