गणेश विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को बोलेरो ने रौंदा, तीन की मौत, 20 से ज्यादा घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– श्री गणेश प्रतिमा विसर्जन करने जा रहे श्रद्धालुओं की भीड़ में एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर घुस गया और कई श्रद्धालुओं को कुचल दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहन की चपेट में आने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र का है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया है।
गणेश विजर्सन के लिए निकाली थी शोभायात्रा
जानकारी के अनुसार, बगीचा क्षेत्र के जरूडाड गांव में मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे भगवान गणपति की प्रतिमा विसर्जन के लिए शोभा यात्रा निकली थी। इस शोभा यात्रा में सौ से अधिक ग्रामीण शामिल थे। वे डीजे की धुन पर नाच-गा रहे थे। इसी बीच रायकेरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो क्रमांक सीजी 15 सीआर 1429 अनियंत्रित होकर जुलूस में घुस गई। वाहन ने कई श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए।
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस वाहन मौके पर पहुंच गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें 15 से ज्यादा ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों की पहचान अरविंद करकेट्टा (19), विपिन प्रजापति (17) और खिरवती यादव (32) के रूप में हुई है।
विधायक, कलेक्टर, एसपी ने ली जानकारी
घटना के बाद भीड़ ने बोलेरो चालक सुख सागर यादव को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। वह नशे में था। मारपीट में घायल चालक को भी इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही जशपुर विधायक रायमुनि भगत, कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशि मोहन भी बगीचा पहुंचे और घायलों से मिले। साथ ही डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने घटना पर जताया दुख
https://x.com/ChhattisgarhCMO/status/1963165674647515601
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे में तीन लोगों की मौत और कई अन्य के घायल होने की खबर पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री श्री साय के निर्देश पर राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों को उचित चिकित्सा एवं आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/BM4cHVhLYrPLudwEhQHVBB?mode=ac_t