करंट की चपेट में आने से महिला की मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक महिला की सड़ी-गली हातल में लाश मिली थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया महिला की मौत बिजली का करंट लगने से हुई थी। आरोपियों ने जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए अवैध तरीके से बिजली का तार लगाया हुआ था। घटना रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, जिवरी गांव की रहने वाली 41 साल की घसनीन मांझी गुरुवार से लापता थी। उसके परिवार वालों ने उसे बहुत ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाने में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी बीच, शनिवार को खेत के पास बिजली लाइन के नीचे महिला की सड़ी-गली लाश मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच से पता चलता है कि महिला की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है।
पुलिस ने क्राइम सीन से जीआई तार, बांस का डंडा और अन्य चीजें जब्त की थी। पूंजीपथरा पुलिस ने इस मामले में कीर्तन मांझी, बालीराम मांझी और राजेश राठिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जंगली सुअर के शिकार के लिए अवैध रूप से हुकिंग कर 11 केवी बिजली लाइन से तार जोड़ा था। इसी करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से महिला की मौत हुई।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/GKvBlfXqlpKC4RRB4msclj?mode=ems_copy_t











