बाढ़ में जर्जर हुआ राजिम का बजरंग अखाड़ा जिम, युवाओं ने विधायक से लगाई मदद की गुहार

विधायक रोहित साहू ने प्रथम चरण में 5 लाख रुपये की सामग्री उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम नगर के युवाओं को बेहतर स्वास्थ्य और शारीरिक प्रशिक्षण का मंच देने वाले राजिम के एकमात्र सार्वजनिक बजरंग अखाड़ा जिम की बदहाल स्थिति को सुधारने की पहल शुरू हो गई है। बाढ़ से जर्जर हो चुके जिम के जीर्णोद्धार और नई कसरत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग को लेकर बजरंग अखाड़ा राजिम फिटनेस क्लब एवं नगर के युवाओं ने राजिम विधायक रोहित साहू से मुलाकात की।

युवाओं ने विधायक निवास पहुंचकर जिम के लिए 10 लाख रुपये की जिम सामग्री उपलब्ध कराने का आवेदन सौंपा। युवाओं ने बताया कि पिछले वर्षों में दो बार बाढ़ का पानी जिम परिसर में भर गया था। लंबे समय तक पानी में डूबे रहने के कारण जिम में मौजूद अधिकांश पुरानी कसरत मशीनें और लोहे के उपकरण जर्जर हो गए हैं। उपकरणों में भारी जंग लगने के कारण वे अब उपयोग के लायक नहीं रह गए हैं। इसका सीधा असर युवाओं के नियमित व्यायाम, फिटनेस और शारीरिक प्रशिक्षण पर पड़ रहा है।

युवाओं की मांग को बताया जायज

इस दौरान विधायक रोहित साहू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे स्वयं एक स्पोर्ट्स पर्सन रहे हैं। उन्होंने जूडो सहित अन्य खेलों में प्रशिक्षण लेने के साथ खिलाड़ी और ट्रेनर के रूप में भी कार्य किया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और खेल से जुड़ी समस्याओं को वे बेहतर तरीके से समझते हैं। स्वास्थ्य और खेल के प्रति उनकी गंभीरता हमेशा रही है।

विधायक ने युवाओं की मांग को जायज बताते हुए आवेदन पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने 10 लाख रुपये के प्रस्तावित कार्य में से प्रथम चरण में 5 लाख रुपये की राशि से जिम सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। विधायक के इस आश्वासन के बाद युवाओं में उत्साह देखा गया।

‘नशा छोड़ो-अखाड़ा जोड़ो’ का संदेश

बजरंग अखाड़ा के सदस्यों ने कहा कि राजिम के युवा अब स्वास्थ्य और अपनी समस्याओं को लेकर जागरूक हो रहे हैं। ‘नशा छोड़ो-अखाड़ा जोड़ो’ के संदेश के साथ युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखना और उन्हें शारीरिक रूप से मजबूत एवं स्वस्थ बनाना बजरंग अखाड़ा का मुख्य उद्देश्य है।

युवाओं ने कहा कि सार्वजनिक जिम की सुविधा बेहतर होने से नगर के युवाओं को नियमित व्यायाम और शारीरिक प्रशिक्षण के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। साथ ही यह पहल युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए भी प्रेरित करेगी।

युवाओं ने विधायक रोहित साहू द्वारा दिए गए आश्वासन को क्षेत्र के खिलाड़ियों और युवाओं के हित में सराहनीय कदम बताया। इस दौरान राजिम नगर के बड़ी संख्या में युवा साथी एवं बजरंग अखाड़ा के सदस्य मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

शीतला मंदिर में विधायक रोहित साहू की चौपाल, सड़क-नाली से तालाब सौंदर्यीकरण तक विकास का खाका तैयार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button