जनपद उपाध्यक्ष के ऑफिस में ताबड़तोड़ फायरिंग, नकाबपोश हमलावरों ने बरसाईं गोलियां, दो लोगों को लगी गोली, पुलिस अलर्ट पर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में मंगलवार की शाम उस वक्त दहशत फैल गई जब जनपद उपाध्यक्ष के कार्यालय पर अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बस स्टैंड के पास स्थित कार्यालय के बाहर शाम करीब 5.45 बजे हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। अचानक हुई गोलीबारी में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।

दो बाइक पर आए चार नकाबपोश

मिली जानकारी के अनुसार, मस्तूरी थाना क्षेत्र के नहर पार इलाके में कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह के ऑफिस में हमला हुआ है। घटना के समय नितेश सिंह अपने सहयोगियों तमेश सिंह, टुकेश सिंह, फेकू सिंह, बबला सिंह, संतोष राठौर, प्रमोद शर्मा और कल्लू यादव के साथ ऑफिस के बाहर बैठे थे। तभी जोन्धरा चौक की ओर से दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश युवक पहुंचे। पीछे बैठे हमलावरों ने आते ही बिना कुछ कहे ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

दो लोग हुए घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 12 से अधिक राउंड फायरिंग की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में जनपद उपाध्यक्ष के रिश्तेदार चंद्रकांत सिंह के हाथ और राजू सिंह के पैर में गोली लगी। दोनों को तुरंत मस्तूरी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मस्तूरी थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त बल ने मौके पर पहुंचकर इलाके की नाकेबंदी कर दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खाली खोखे और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस इस हमले को पुरानी रंजिश या राजनीतिक विवाद से जोड़कर जांच कर रही है।

एएसपी रजनेश सिंह और एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। सभी थानों को अलर्ट कर संभावित रास्तों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है। फायरिंग के बाद आसपास के इलाके में भगदड़ मच गई। अन्य दुकानदारों ने अपने शटर गिरा दिए। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित की हैं। इस दिनदहाड़े हुई गोलीबारी ने न केवल मस्तूरी बल्कि पूरे बिलासपुर जिले की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोग अब भी दहशत में हैं और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS

यह खबर भी जरुर पढ़े

साली और चाचा ससुर की गोली मारकर हत्या, CAF जवान ने सर्विस राइफल से चलाई गोली, इस बात की आशंका

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button