गरियाबंद में ट्रैफिक नियम सख्त: शराब पीकर गाड़ी चलाने पर लाइसेंस निरस्त, नियम तोड़े पर घर पहुंचेगा चालान, बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर बी.एस. उईके एवं पुलिस अधीक्षक नीरज चंद्राकर ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और अवैध मादक पदार्थों पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ट्रैफिक उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और चालान काटे जाएंगे। उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश भी दिए। साथ ही अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
अवैध मादक पदार्थों पर लगेगा अंकुश
उड़ीसा सीमा से लगे जिले में अवैध मादक पदार्थों की आवाजाही की आशंका को देखते हुए कलेक्टर ने चेक पोस्टों पर सघन निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को मादक पदार्थों के परिवहन और आपूर्ति पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा दवा दुकानों में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए नियमित जांच के निर्देश दिए गए। उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को सील करने की बात भी कही गई।
बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल
सड़क दुर्घटनाओं में आवारा मवेशियों की चिंता जताते हुए कलेक्टर ने ऐसे स्थानों की पहचान कर विशेष अभियान चलाने और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पशुओं को सड़कों से हटाने के निर्देश दिए। सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं देने की व्यवस्था लागू करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में नशा मुक्ति के लिए योग, मेडिटेशन और मोटिवेशनल गतिविधियों के जरिए जागरूकता बढ़ाने की जानकारी दी गई। बच्चों के आवासीय विद्यालयों और आश्रमों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ड्रग कंट्रोलर को नियमित जांच और आदिवासी विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने जिले को नशामुक्त बनाने के लिए रणनीति पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नशा मुक्ति केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर उन्हें और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। बैठक में समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक डीपी ठाकुर, जिला परिवहन अधिकारी रविंद्र ठाकुर, पीडब्लूडी के कार्यपालन अभियंता रामेश्वर सिंह सहित नशा मुक्त केंद्र के कर्मचारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX











