बेटियों ने रच दिया इतिहास: भारतीय महिला क्रिकेट टीम बनी विश्वविजेता, टूर्नामेंट में दीप्ति बनी ऑलराउंडर
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्वविजेता बनने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– भारत की महिला क्रिकेट टीम ने 2 नवंबर 2025 की रात नवी मुंबई में महिला आईसीसी विश्व कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर इतिहास रच दिया। भारतीय महिला टीम पहली बार वर्ल्ड कप चैंपियन बनी है। इसी के साथ भारत अब ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बाद महिला वर्ल्ड कप जीतने वाली चौथी टीम बन गई।
भारत की जीत में शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा ने अहम भूमिका रही। शेफाली महिला वर्ल्ड कप फाइनल में अर्धशतक बनाने और दो विकेट लेने वाली पहली खिलाड़ी रही। दीप्ति शर्मा भी महिला विश्व कप के खिताबी मुकाबले में अर्धशतक बनाने और पांच विकेट लेने वाली इकलौती ऑलराउंडर बनीं।

पूरा भारत इन बेटियों पर गर्व कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को विश्वविजेता बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन, समर्पण और अदम्य जज़्बे से देश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि पूरे भारत के लिए गौरव का क्षण है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत हर उस बेटी के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को साकार करने का साहस रखती है। मुख्यमंत्री श्री साय ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को “परिश्रम, आत्मविश्वास और संकल्प की जीत” बताते हुए कहा कि यह जीत देशभर में महिला खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS
यह खबर भी जरुर पढ़े
भारत ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया, फाइनल में साउथ अफ्रीका से होगी भिड़ंत











