ब्रेकिंगः नवापारा-मगरलोड मार्ग पर ट्रक और हाइवा की भीषण टक्कर, ट्रक चालक की मौत, गाड़ी के उड़े परखच्चे

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा-मगरलोड मार्ग पर ट्रक और रेत से भरे हाइवा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हाइवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दोनों वाहनों के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना धमतरी जिले के मगरलोड थाना अंतर्गत बड़ी करेली चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार बड़ी करेली-भेंडरी मार्ग पर नाले के पास 16 अगस्त की देर रात ट्रक और हाइवा के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि खाद से लदा ट्रक नवापारा से मगरलोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से रेत लेकर नवापारा की तरफ आ रहे हाइवा से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। दोनों वाहनों की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद ट्रक में लोड खाद करीब 100 मीटर दूर जा गिरी।
ट्रक चालक की मौत
हादसा इतना खौफनाक था कि ट्रक चालक उदय कुमार (31) की केबिन के भीतर ही मौत हो गई। वहीं, हाइवा चालक भी केबिन में बुरी तरह फंसा रहा। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी करेली चौकी पुलिस पहुंची। फंसे चालक को बचाने के लिए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। केबिन के भारी हिस्सों को हटाने के लिए 2 जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया गया। लोहे को काटने के लिए गैस कटर का उपयोग किया गया।
करीब 2 से ढाई घंटे की मशक्कत के बाद हाइवा चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। फिर पुलिस ने घायल हाइवा चालक को तुरंत एंबुलेंस से इलाज के लिए नवापारा के अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतक ट्रक चालक उदय कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस हाइवा चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रेत लोड वाहन पर उठे सवाल
घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि मानसून के दौरान जब सभी रेत घाट बंद हैं, तब यहां रेत कहां से आ रही थी। कहीं यह महानदी से चोरी कर अवैध रूप से तो नहीं लाई जा रही थी? इसकी जांच की जानी चाहिए। बता दें कि पहले भी रेत से लदी हाइवा की टक्कर में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











