कल नवापारा पधारेंगे पूज्य प्रशांत जी महाराज, संगीतमय राम कथा को लेकर पूरे अंचल में उत्साह, 21 से होगा भव्य शुभारंभ

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नगर ही नहीं बल्कि पूरा अंचल संगीतमय राम कथा को लेकर उत्साह से भरा हुआ है। नगर की प्रसिद्ध धार्मिक एवं सामाजिक जनकल्याणकारी संस्था सालासर सुन्दरकाण्ड हनुमान चालीसा जनकल्याण समिति के आमंत्रण पर अयोध्या से पूज्य प्रशांत जी महाराज कल नवापारा नगर पधार रहे हैं। महाराज जी द्वारा नौ दिवसीय संगीतमय राम कथा का रसपान कराया जाएगा।
प्रतिदिन दोपहर 2 बजे होगी राम कथा
राम कथा का आयोजन राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में किया जाएगा। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से निर्धारित किया गया है। कथा के पहले एवं दूसरे दिन के यजमान मनहरण एवं तारणी शर्मा होंगे।
छत्तीसगढ़ से राम का विशेष भावनात्मक रिश्ता
संस्था के संस्थापक राजू काबरा, अध्यक्ष धरम साहू एवं तारणी शर्मा ने बताया कि भगवान राम छत्तीसगढ़वासियों के जन-जन के हृदय में बसते हैं। छत्तीसगढ़ को प्राचीन काल में कौशल प्रदेश कहा जाता था। माता कौशल्या का मायका रायपुर स्थित चंदखुरी धाम में होने के कारण भगवान राम को यहां भांजा माना जाता है। यही कारण है कि छत्तीसगढ़ में भांजे को भगवान राम के समान सम्मान और प्रणाम किया जाता है।
उन्होंने कहा कि भले ही हर व्यक्ति रोज रामायण का पाठ न करता हो, लेकिन लगभग हर घर में रामायण विराजमान है और श्रद्धापूर्वक उसकी पूजा होती है। क्षेत्र में भगवान राम, माता सीता द्वारा स्थापित कुलेश्वर महादेव और राजीवलोचन भगवान के प्रति भी गहरी आस्था है।
महाराज जी की वाणी से भावविभोर होते हैं श्रोता
संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि पूज्य प्रशांत जी महाराज की वाणी में सरस्वती का वास है। जब वे व्यास पीठ से राम कथा का गायन करते हैं तो श्रोता भावविभोर हो जाते हैं। बहुत कम उम्र से राम कथा का गायन कर रहे महाराज जी के वंश में पीढ़ियों से राम कथा का गायन होता आ रहा है। उनका सरल, सहज और विनम्र स्वभाव श्रोताओं को विशेष रूप से आकर्षित करता है।
दोपहर 3:30 बजे होगा नगर आगमन
पूज्य महाराज जी का नगर आगमन कल दोपहर 3:30 बजे होगा। वे बगदेही पारा, पुराने चौकी रोड स्थित गुलाबी देवी, किरण, सुरेश एवं परशराम काबरा के निवास पर कथा अवधि के दौरान प्रवास करेंगे। नगर आगमन पर नगरवासियों एवं सालासर समिति द्वारा महाराज श्री का भव्य स्वागत किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS











