दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने ग्रामीण को कुचला, मौके पर मौत, आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम, 6 किमी तक लगा जाम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पार कर रहे एक ग्रामीण को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह ट्रेलर के पहिए के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। इसके चलते करीब 6 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित रहा। घटना बिलासपुर जिले के पाली थाना क्षेत्र का है।

ट्रेलर छोड़कर भागा चालक

जानकारी के अनुसार रतनपुर-पाली के बीच बगदेवा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह हादसा हुआ है। मृतक की पहचान ग्राम करतला निवासी मिलनदास पिता तिलकदास (55 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मिलनदास काम निपटाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान जब वह बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते करीब 6 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

आश्वासन के बाद मामला हुआ शांत

वहीं स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रतनपुर टीआई निलेश पांडेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अर्चना झा भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन परिजन और ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। बाद में राजस्व अधिकारियों के पहुंचने और मुआवजा राशि देने के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ, तब जाकर चक्काजाम समाप्त किया गया।

चक्काजाम हटने के बाद पुलिस ने यातायात बहाल कराया। पाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। वहीं ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा ब्रेकिंग: तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक सवार को कुचला, युवक की मौके पर मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button