राजिम ब्रेकिंग: नहर पोल में मिली युवती की सड़ी-गली लाश, हत्या की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम थाना क्षेत्र में नहर किनारे मिली सड़ी-गली लाश की शिनाख्त हो गई। मृतका की पहचान चंचल साहू के रूप में की गई, जो रायपुर की रहने वाली थी। वह पिछले 15 दिनों से लापता थी। रायपुर से करीब 55-60 किमी दूर शव मिलने से मामला संदिग्ध हो गया। फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटना गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र का है।
जानिए पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार श्यामनगर-देवरी मार्ग पर ग्राम धुमा स्थित नहर के पास तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक युवती की सड़ी-गली लाश बरामद हुई थी। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान मुश्किल हो रही थी। पुलिस ने विभिन्न थानों से गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगली। जांच में मृतका की पहचान चंचल साहू (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रायपुर के संतोषी नगर की रहने वाली थी। वह बीकॉम फाइनल ईयर की छात्रा थी और 30 जनवरी को घर से बिना बताए निकली थी।
परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 31 जनवरी को टीकरापारा थाना में गुमशुदगी की रिपोेर्ट दर्ज कराई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि युवती का शव घर से लगभग 55-60 किलोमीटर दूर सुनसान नहर किनारे मिला।
जांच के लिए पहुंची फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतका की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाल रही है और उसके संपर्कों की जांच कर रही है। राजिम थाना प्रभारी अमृत लाल साहू के नेतृत्व में टीम हर एंगल से जांच में जुटी है।
प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका
सूत्रों के अनुसार मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आशंका जताई जा रही है कि युवती की मौत के बाद युवक ने आत्मघाती कदम उठाया हो। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी संभावित एंगल से मामले की जाँच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8
यह खबर भी जरुर पढ़े
15 दिन से लापता नाबालिग का जंगल में मिला शव, हत्या की आशंका; हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस











