दिनदहाड़े सैलून में चाकूबाजी : बाल कटाने पहुंचे युवक पर दोस्त ने किया हमला, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सैलून के अंदर बाल कटाने पहुंचे युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। अचानक हुए इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही समय में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला धमतरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक धमतरी कोतवाली थाना क्षेत्र के इतवारी बाजार स्थित प्रदीप सैलून में बांसपारा निवासी प्रिंस नेताम बाल कटाने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान उसका परिचित आशुतोष उर्फ आशिष यादव भी वहां पहुंच गया। दोनों के बीच पहले सामान्य बातचीत हुई, लेकिन कुछ ही देर में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपी आशिष यादव ने गुस्से में आकर प्रिंस नेताम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने युवक के गर्दन और पीठ पर कई वार किए। अचानक हुए हमले से सैलून में मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल प्रिंस नेताम खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस टीम ने गवाहों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशुतोष उर्फ आशिष यादव (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू भी बरामद किया है।
बताया जा रहा है कि घायल प्रिंस नेताम और आरोपी आशुतोष उर्फ आशिष यादव दोनों बांसपारा वार्ड के रहने वाले हैं और उनके बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार नवंबर माह में प्रिंस नेताम ने आशिष यादव पर हंसिया से हमला किया था, जिस मामले में प्रिंस नेताम को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था। वहां से छूटकर आने के बाद से ही आशिष यादव बदला लेने की फिराक में था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में धारा 109(1), 296, 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्यवाही कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
होलिका दहन की रात दोस्त की हत्या, शॉकब रॉड से सिर पर किया वार, आरोपी गिरफ्तार











