अभनपुर में पूर्व पार्षद ने फर्जी वंशावली बनाकर हड़पी जमीन, परिजन और रिश्तेदारों के नाम कराया नामांतरण, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– अभनपुर इलाके में फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने का मामला सामने आया है। आरोपी ने फर्जी वंशावली बनाकर अपने आप को जमीन का वारिस बना लिया और करीब 1.60 हेक्टेयर जमीन हड़प ली। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

फर्जी तरीके से तैयार की वंशावली

मिली जानकारी के अनुसार, अभनपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पचेड़ा स्थित खसरा नंबर 70, रकबा 1.60 हेक्टेयर भूमि वर्ष 2023-24 के राजस्व अभिलेखों में विष्णु प्रसाद मंडल पिता परस मंडल, निवासी माना कैंप रायपुर के नाम दर्ज थी। आरोप है कि मनोरंजन मंडल ने स्वयं को उक्त जमीन का वारिस साबित करने के लिए फर्जी तरीके से वंशावली तैयार की। इसमें उसने विष्णु प्रसाद मंडल की मृत्यु दिनांक 16 मार्च 1997 दर्शाते हुए स्वयं को उनका पुत्र बताया, जबकि वास्तविकता में उसके पिता का नाम विष्णुपद मंडल है।

पूर्व पार्षद है आरोपी

बताया जा रहा है कि आरोपी मनोरंजन मंडल माना नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 08 का पूर्व में पार्षद था। उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए फर्जी वंशावली पर स्वयं हस्ताक्षर और सील लगाई तथा गवाहों के रूप में बानोश्री दास और वृंदावन साहा के हस्ताक्षर भी कराए। इसी आधार पर उसने संबंधित जमीन का पहले अपने नाम नामांतरण कराया।

परिजनों के नाम पर भी कराया नामांतरण

इसके बाद आरोपी ने अपने परिजनों और अन्य रिश्तेदारों के नाम पर भी उक्त जमीन के हिस्से का नामांतरण करवा दिया, जबकि सभी को यह जानकारी थी कि उक्त भूमि उनके पारिवारिक स्वामित्व की नहीं है। आरोप है कि सभी ने मिलकर सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी कर जमीन का अवैध लाभ अर्जित किया।

इस पूरे मामले की शिकायत माना कैंप निवासी सरित बरई ने अभनपुर थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच में अपराध सही पाए जाने पर पुलिस ने 17 मार्च को आरोपी मनोरंजन मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि जमीन का फर्जी नामांतरण किसके इशारे पर और किसके मिलीभगत से किया गया। आशंका जताई जा रही है कि इस जमीन घोटाले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

अभनपुर-राजिम मार्ग पर चाकू की नोक पर लूट: चॉइस सेंटर संचालक से डेढ़ लाख रुपये छीने, बाइक छोड़कर भागे लुटेरे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button