परिवार को गाली देने पर भड़का दोस्त, शराब के नशे में कर दी हत्या, दो भाई गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– खेत में मिली युवक की खून से सनी लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस हत्या को पहले अज्ञात हमलावरों का काम माना जा रहा था, दरअसल वह दोस्ती के नाम पर हुई निर्मम हत्या निकली। घटना बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र का है।
खून से सनी लाश मिलने से मचा था हड़कंप
घटना 14 मार्च 2026 की है, जब संबलपुरी निवासी सतीश कौशिक (27) का शव बायपास रोड के पास एक खेत में पीपल पेड़ के नीचे अर्धनग्न अवस्था में मिला था। उसके सिर और चेहरे पर धारदार हथियार जैसे गहरे वार के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू की गई। मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद
जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन सतीश अपने परिचित राकेश कौशिक उर्फ छोटू और गणेश कौशिक के साथ शराब पीने गया था। तीनों शराब भट्टी से शराब लेकर खेत पहुंचे और वहीं पार्टी करने लगे। इसी दौरान नशे में धुत सतीश ने गणेश और उसके परिवार को लेकर अपशब्द कहना शुरू कर दिया। बार-बार समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना, तो विवाद हिंसक हो गया।
पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
गुस्से में आकर राकेश और गणेश ने मिलकर सतीश की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान उसे पीपल पेड़ के पास पटक दिया गया, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पांड क्षेत्र में छिपे हुए हैं।
पुलिस की टीम और बीट आरक्षकों ने घेराबंदी कर मेण्ड्रा गांव से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











