इंस्टाग्राम पर फंसाया, शादी का झांसा देकर रायपुर ले जाकर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए युवती से दोस्ती कर शादी का झांसा दिया फिर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में शादी से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला रायगढ़ जिले के महिला थाना का है।
मिली जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय पीड़िता की पहचान अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम पर सरिया निवासी सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू (34) से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोप है कि 20 अक्टूबर 2025 को आरोपी युवती के घर पहुंचा और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी, जिससे डरी हुई युवती उस समय चुप रही।
इसके बाद नवंबर 2025 में आरोपी युवती को रायपुर अपने रिश्तेदार के घर ले गया, जहां दो दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया गया। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करता रहा और अंततः 5 मार्च को शादी से साफ इनकार कर दिया। घटना से आहत होकर पीड़िता ने 24 मार्च को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसके जरिए वह पीड़िता के संपर्क में था। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











