नवापारा ब्रेकिंग: महानदी पुल हादसे में दूसरी मौत, घायल सुनील जैन की इलाज के दौरान मौत, हादसे में ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष की हुई थी मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा के महानदी पुल पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल सुनील कुमार जैन (कटनी वाले) की आज इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद गंभीर हालत में उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। एक दिन पहले ही इसी हादसे में गंभीर रूप से घायल देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा की भी नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस तरह हादसे में अब दो लोगों की जान जा चुकी है।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के अनुसार राजिम निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा और सुनील कुमार जैन बाइक से नवापारा से राजिम की ओर जा रहे थे। बाइक सुनील कुमार जैन चला रहे थे। दोनों जैसे ही राजिम महानदी पुल पर पहुंचे, उसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सवार अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। हादसे में देवेंद्र शर्मा पुल से नीचे जा गिरे, जबकि सुनील जैन पुल पर दूर जा गिरे। अचानक हुए हादसे से पुल पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

पहले देवेंद्र, अब सुनील ने भी तोड़ा दम

हादसे के तत्काल बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल देवेंद्र शर्मा को नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया था। डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं सुनील कुमार जैन को भी तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया था।

परिजनों ने उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा था। लेकिन गंभीर चोटों के चलते आज सुनील कुमार जैन ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जैन समाज और नवापारा में पसरा मातम

सुनील कुमार जैन के निधन की खबर जैसे ही नवापारा पहुंची, जैन समाज और नगर में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में समाजजन और नगरवासी परिजनों एवं परिचितों से मिलने पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया।

पिकअप चालक गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच

हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है। चालक की पहचान बिशेषर कांवडे, निवासी सांकरा के रूप में हुई है। पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा में भीषण सड़क हादसाः महानदी पुल पर पिकअप ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, एक युवक पुल से नीचे गिरा; मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button