हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे पर पुलिस की रेड, 9 जुआरी गिरफ्तार; 45 लाख से अधिक की सामग्री जब्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शहर के पॉश इलाके में संचालित कथित हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे पर पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 9 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया। पकड़े गए आरोपियों में कई रसूखदार लोग शामिल बताए जा रहे हैं। मामला बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिलासपुर शहर के पॉश इलाके स्मार्ट रोड, नेहरू नगर स्थित जनता कंस्ट्रक्शन ऑफिस में लंबे समय से जुए का अवैध संचालन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में चंद्र प्रकाश पाण्डेय (स्वर्णिम ऐरा, सरकंडा), सागर मंगेशकर (मंगला गजमोहिनी परिसर), नितेश चंद शर्मा (आसमा सिटी फेज-2), दुर्गेश सारथी (जरहाभाठा मिनी बस्ती), अखिलेश त्रिवेदी (नेहरू नगर, सेंट फ्रांसिस स्कूल रोड), अमन धर (डबरीपारा), आशीष खूंटे (कस्तूरबा नगर), रोशन सोनी (उसलापुर ओवरब्रिज) और सृजन शर्मा (सिटी मॉल के पास) शामिल हैं।
नकदी, मोबाइल और लग्जरी वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 84,400 रुपये नगद, 13 मोबाइल फोन और 4 चारपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त वाहनों में क्रेटा, ग्लैंजा, बीएमडब्ल्यू एक्स1 और थार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 45 लाख 84 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह जुए का अड्डा कब से संचालित हो रहा था और इसके पीछे किन लोगों की संलिप्तता है। साथ ही आरोपियों के मोबाइल फोन और संपर्कों की जांच की जा रही है, जिससे इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सके।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











