गरबा की ड्रेस में सिगरेट और हथियार के साथ रील, हिंदू संगठनों की शिकायत; 9 युवक-युवतियां गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरबा की ड्रेस में युवतियों के सिगरेट पीने और पिस्टलनुमा हथियार दिखाने वाले सोशल मीडिया वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नवरात्रि से पहले गरबा पास और मेकअप के प्रचार के लिए बनाई गई इस रील के वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच युवतियों और चार युवकों समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में सार्वजनिक सड़क पर शूटिंग और वीडियो से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। मामला बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई रील
जानकारी के अनुसार, मेकअप आर्टिस्ट बताई जा रही शिफा मैथ्यू के सोशल मीडिया अकाउंट से संबंधित वीडियो साझा किया गया था। रील में गरबा की पोशाक पहने युवतियां सिगरेट पीते हुए और पिस्टलनुमा हथियार दिखाते हुए नजर आ रही हैं। वीडियो में गरबा पास के प्रचार से जुड़ा दृश्य भी दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि रील एक गाने पर तैयार की गई थी और इसका उद्देश्य गरबा आयोजन के पास तथा मेकअप का प्रचार करना था।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई और थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ताओं का कहना था कि नवरात्रि और गरबा जैसे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन से जुड़ी वेशभूषा में इस तरह के दृश्य प्रस्तुत करने से लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं।
SP कार्यालय में सौंपा ज्ञापन
वीडियो को लेकर बजरंग दल सहित हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
नौ लोगों को किया गिरफ्तार
वीडियो की शूटिंग के दौरान रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित होने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने मामले में पांच युवतियों और चार युवकों सहित कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (ठछै) की धारा 196, 299 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज की गई है।
एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल के अनुसार, गरबा कार्यक्रम के प्रचार के लिए रील बनाई गई थी। वीडियो में दिखाई देने वाले हथियार को लेकर डिस्क्लेमर में उसे खिलौना बताया गया था। हालांकि, वीडियो में प्रदर्शित वस्तु और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच पुलिस कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl










