रायपुर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: 2 दिन में अवैध परिवहन करते 13 वाहन जब्त, 28 वाहनों पर 8 लाख का अर्थदंड, 11 ईंट भट्ठे हटाने के निर्देश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– कलेक्टर रायपुर के निर्देश पर खनिज विभाग ने अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उप संचालक (खनिज प्रशासन) राजेश मालवे के मार्गदर्शन में 9 और 10 अप्रैल 2026 की रात्रिकालीन जांच के दौरान कुल 13 वाहनों (12 रेत और 1 फर्सी पत्थर) को खनिज सहित जब्त किया गया। इन वाहनों को थानों के सुपुर्द किया गया है।
कार्रवाई में जिन वाहन मालिकों के नाम सामने आए हैं, उनमें मनीष साहू (पारागांव), सिन्हा (फिंगेश्वर), नागेश्वर साहू, बसर खान (आहीवारा), बंटी साहू (टिकरापारा रायपुर), साहू (नवागांव नवापारा), भगवती ट्रेडर्स (मेघा धमतरी), रौनक जैन (लालपुर रायपुर), कंवलजीत सिंह (कवर्धा), तेजराम वर्मा (सिमगा), पंकज यदु (कोटा तिल्दा), हंसूराम साहू (सहसपुर लोहारा) और हरीश निर्मलकर (बिरकोनी महासमुंद) प्रमुख हैं।
8 लाख रुपये का अर्थदंड
विभाग द्वारा इसके कुछ दिन पहले भी लगभग 15 वाहनों (9 रेत, 3 चूना पत्थर, 2 मिट्टी, 1 मुरूम) पर कार्रवाई करते हुए बिना रॉयल्टी पाए जाने पर उनसे समझौता राशि जमा कराई गई थी। पिछले एक सप्ताह में कुल 28 वाहनों पर कार्रवाई कर करीब 8 लाख रुपये की अर्थदंड राशि वसूल की जा रही है। इसके अलावा 3 अप्रैल 2026 को ग्राम डंगनिया और जौंदी-जौदा में अवैध रेत भंडारण की जांच ग्राम प्रमुख, सरपंच, उपसरपंच और कोटवार की उपस्थिति में की गई। जांच के बाद तीन लोगों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मार्च माह में प्राप्त शिकायतों के आधार पर ईंट भट्टों की जांच कर 11 भट्ठा मालिकों को तत्काल प्रभाव से भट्ठे हटाने के निर्देश दिए गए हैं। खनिज विभाग रायपुर ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन, भंडारण और अवैध खदान/क्रेशर संचालन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी खनिज निरीक्षक रघुनाथ भारद्वाज, खनिज सिपाही जितेंद्र केसरवानी, रिजवान, लिलेश्वर मानिकपुरी, रामकुमार वर्मा तथा पायलट छबिलाल साहू का विशेष योगदान रहा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
अवैध परिवहन पर सख्ती: खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी, अवैध गिट्टी और रेत परिवहन करते 5 वाहन जब्त











