खबर का असर: गरियाबंद में वायरल ऑडियो मामले पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पटवारी निलंबित

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में कथित रिश्वतखोरी के ऑडियो-वीडियो वायरल होने की खबर प्रकाशन के बाद ने प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर बीएस उईके ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित पटवारी को निलंबित कर दिया गया है। वहीं आरआई और तहसीलदार से स्पष्टीकरण मांगा है।
वायरल ऑडियो से मचा था बवाल
मामला छुरा क्षेत्र के हल्का नंबर 28 और अतिरिक्त हल्का नंबर 36 में पदस्थ पटवारी खेमचंद साहू से जुड़ा है, जिसका कथित ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वायरल क्लिप में पटवारी द्वारा नक्शा काटने के एवज में रिश्वत मांगने और “ऊपर तक पैसे पहुंचाने” की बात कही जा रही थी। इतना ही नहीं, बातचीत में “बियर लाने” जैसी मांग भी सामने आई, जिससे प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे।
कलेक्टर ने लिया सख्त संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर बीएस उईके ने पटवारी खेमचंद साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में पटवारी का मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय (भू-अभिलेख शाखा) निर्धारित किया गया है और नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
वहीं अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे ने तहसीलदार छुरा और राजस्व निरीक्षक तहसील छुरा को कारण बताओं नोटिस दिए है। अपर कलेक्टर श्री डाहिरे ने कहा कि कलेक्टर के आदेश पर छुरा तहसीलदार मयंक अग्रवाल और राजस्व निरीक्षक को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर निर्धारित समय में आरआई और तहसीलदार का जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो उनके खिलाफ भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दायरे में आ सकते हैं और अधिकारी
बता दें कि वायरल ऑडियो में तहसीलदार और आरआई तक पैसे पहुंचाने की बात सामने आने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ लिया था। अब पटवारी के निलंबन के बाद जांच का दायरा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या कार्रवाई केवल पटवारी तक सीमित रहेगी या कथित रूप से जुड़े अन्य अधिकारियों पर भी गाज गिरेगी?
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1
यह खबर भी जरुर पढ़े
गरियाबंद में फिर भ्रष्टाचार का बवाल: अब पटवारी का ऑडियो-वीडियो वायरल, पैसे के साथ बियर की भी डिमांड











