दर्दनाक हादसा: राइस मिल में धान की छल्ली गिरी, हमाल की दबकर मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राइस मिल में एक दर्दनाक हादसा हो गया। काम के दौरान धान की ऊंची छल्ली अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे एक हमाल उसकी चपेट में आकर दब गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मिल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खपरी निवासी राकेश केंवट (35) बीते कुछ समय से क्षेत्र की भवानी राइस मिल में हमाल के रूप में कार्यरत था। शाम करीब 4.30 बजे वह धान की बोरियों के पास काम कर रहा था, तभी अचानक बोरियों की ऊंची छल्ली गिर पड़ी। बताया जा रहा है कि घटना इतनी अचानक हुई कि राकेश को बचने का कोई मौका नहीं मिला और वह भारी बोरियों के नीचे दब गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने बोरियों को हटाने का कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद राकेश को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में घायल राकेश को तत्काल तखतपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मिल परिसर में शोक और तनाव का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह जांच कर रही है कि मिल में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। थाना प्रभारी विवेक पांडेय ने बताया कि धान की छल्ली गिरने से मजदूर की मौत की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
परिवार में पसरा मातम
इधर, हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1











