पावर प्लांट में दर्दनाक हादसा : बॉयलर ब्लास्ट होने से 10 मजदूरों की मौत कई घायल, PM और CM ने की सहायता राशि की घोषणा, जांच के दिए निर्देश
मृतकों के परिजन को 5 - 5 लाख और घायलों को 50 - 50 हजार रुपए सहायता राशि की घोषणा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में स्थित पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में 10 से अधिक मजदूरों की मौत हो गई, वहीं 30 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे है। इस घटना को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम विष्णु देव साय ने शोक जताया है, साथ ही सहायता राशि देने की घोषणा भी की है। घटना सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर बॉयलर ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि 4 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से घायल 18 मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 6 और मजदूरों ने दम तोड़ दिया। मरने वालों मजदूरों की संख्या बढ़ती जा रही है।
बताया जा रहा है वर्तमान में कुल 14 लोगों की मृत्यु हो चुकी है वहीं 10 घायलों की हालत भी गंभीर बनी हुई है, जिनमें कई मजदूर 80 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। घायलों का इलाज रायगढ़ में जारी है, वहीं 6 गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।

हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में मजदूरों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए हंगामा किया। परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कुछ मजदूरों के अब भी लापता होने की बात सामने आ रही है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि प्रबंधन की ओर से सही जानकारी नहीं दी जा रही है।
पीएम और सीएम ने जताया शोक
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मृतकों और घायलों के लिए राहत की घोषणा की गई है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतक मजदूरों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हृदय विदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने मृतक मजदूरों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का समुचित और निःशुल्क इलाज सुनिश्चित किया जाए तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हादसे की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने घटना की गंभीरता को देखते हुए कमिश्नर बिलासपुर को जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है, और राहत व बचाव कार्य जारी है।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1
यह खबर भी जरुर पढ़े
खल्लारी रोप-वे दुर्घटना : मुख्यमंत्री ने की सहायता राशि की घोषणा, कहा- दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई











