शादी के 12 दिन बाद नवविवाहिता की मौत: शक, जबरन संबंध बनाने और प्रताड़ना से परेशान नवविवाहिता ने दी जान, पति पर FIR दर्ज

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– फिंगेश्वर क्षेत्र के ग्राम खैरझिटी की रहने वाली नवविवाहिता ने शादी के महज 12 दिन बाद ससुराल के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में मर्ग जांच के बाद पुलिस ने पति के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज कर लिया है। मामला धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र का है।
शौचालय में फांसी पर लटका मिला शव
जानकारी के अनुसार ग्राम छोटे करेली निवासी श्रीमती नूतन दीवान (24) का शव 25 मार्च को उसके ससुराल स्थित घर के पीछे बने शौचालय में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की गई। नवविवाहिता होने के कारण कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मृतिका के मायके पक्ष ने पति पर गंभीर आरोप लगाए। मृतिका के भाई और पिता के अनुसार नूतन की शादी 12 मार्च 2026 को कामेश दीवान से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद पति द्वारा मारपीट और प्रताड़ना शुरू कर दी गई थी। परिजनों ने बताया कि 18 मार्च को पति ने नूतन के साथ मारपीट की थी, जिससे उसकी आंख के पास चोट आई थी। इस बात की जानकारी परिवार को मिलने पर आरोपी को समझाइश भी दी गई थी।
शक और मारपीट से थी परेशान
जांच में सामने आया कि आरोपी पति कामेश दीवान मृतिका पर बेवजह शक करता था और उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था। मना करने पर वह मारपीट कर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। मोबाइल पर बातचीत को लेकर भी विवाद होता था। यही कारणों से परेशान होकर नूतन दीवान ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति कामेश कुमार दीवान के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 और 85 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1











