1 लाख रिश्वत लेते सरपंच रंगे हाथ गिरफ्तार, 4 लाख की डील का खुलासा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) रायपुर की टीम ने ग्राम पंचायत बेमचा के सरपंच देवेंद्र चंद्राकर को 1 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

4 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप

आरोपी सरपंच देवेंद्र चंद्राकर

जानकारी के अनुसार, महासमुंद निवासी सूरज राम रात्रे ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी पत्नी के नाम पर ग्राम बेमचा के इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में स्थित जमीन/मकान के निर्माण के लिए पूर्व सरपंच द्वारा एनओसी जारी की गई थी, लेकिन वर्तमान सरपंच देवेंद्र चंद्राकर ने अनुमति निरस्त कर दी और दोबारा अनुमति देने व जमीन विवाद में राहत देने के एवज में 4 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।

3.80 लाख में तय हुई डील

ACB की जांच में आरोप सही पाए गए। सत्यापन के दौरान आरोपी ने मोलभाव कर रिश्वत की राशि 3.80 लाख रुपये तय की और 50 हजार रुपये एडवांस भी ले लिया। इसके बाद दूसरी किश्त के रूप में 1 लाख रुपये लेने की योजना बनाई गई।

ट्रैप में फंसा सरपंच

ACB ने योजना के तहत टीम गठित कर जाल बिछाया। गुरुवार शाम कचहरी चौक के पास कार्रवाई करते हुए सरपंच को शिकायतकर्ता से 1 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस कंट्रोल रूम लाया गया और पूछताछ के लिए रायपुर भेज दिया गया।

जमीन विवाद से जुड़ा मामला

बताया जा रहा है कि खसरा नंबर 3110/3 की करीब 1 एकड़ 92 डिसमिल जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इस जमीन पर अजय कुर्रे नामक व्यक्ति का कब्जा था, जिसने कथित तौर पर इसे अलग-अलग लोगों को बेच दिया था। इसी विवाद में अतिक्रमण हटाने या बनाए रखने के बदले रिश्वत की मांग की गई थी।

भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज

ACB ने आरोपी सरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1

यह खबर भी जरुर पढ़े

एसीबी का बड़ा एक्शन: 50 हजार की रिश्वत लेते रेंजर-डिप्टी रेंजर रंगे हाथ गिरफ्तार, वन विभाग में मचा हड़कंप

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button