हाइट बैरियर से टकराई तेज रफ्तार पिकअप, एक की मौत; पांच घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार पिकअप वाहन हाइट बैरियर से टकरा गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित शिवघाट बैराज की है।
डेकोरेशन का काम खत्म कर लौट रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन (क्रमांक सीजी 12 एएस 2306) में सवार युवक शादी समारोह में लाइट डेकोरेशन का काम कर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि भारत लाइट हाउस के 10-15 कर्मचारी ट्रॉली में सवार होकर मुंगेली नाका-मंगला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चालक शॉर्टकट रास्ते से शिवघाट बैराज पहुंच गया, जहां नवनिर्मित सड़क पर बड़े वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए हाइट बैरियर लगाया गया है।
देर रात अंधेरा होने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण चालक को बैरियर दिखाई नहीं दिया। जिससे पिकअप सीधे हाइट बैरियर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे बैठे युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में एक युवक का सिर गंभीर रूप से फट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान लोरमी निवासी प्रकाश रामकर के रूप में हुई है।
घटना में चंद्रप्रकाश, कुलदीप साहू, संदीप ध्रुव, अजय कश्यप और साहिल चंद्राकर घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायल लोरमी और लालपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को पोटस्मार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैराज पर बिजली के खंभे लगाए गए हैं, लेकिन लाइटें चालू नहीं होने से रात में हाइट बैरियर नजर नहीं आता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1











