थोक मंडी में व्यापारी से दिनदहाड़े 3 लाख की लूट: नकाबपोश बाइक सवार बैग झपटकर फरार, सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध; पुलिस ने की नाकेबंदी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– बिलासपुर शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक केंद्र व्यापार विहार में दिनदहाड़े हुई 3 लाख रुपये की लूट हो गई। दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने थोक बाजार में खरीदारी करने पहुंचे एक व्यापारी को अपना निशाना बनाया और रुपयों से भरा बैग झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, जबकि व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ निवासी व्यापारी जनक प्रसाद साहू अपने पुत्र उमेश कुमार साहू के साथ कृषि उत्पादों की खरीदारी के लिए व्यापार विहार पहुंचे थे। वे लहसुन, मिर्च, आलू, प्याज सहित अन्य कृषि उपज की खरीदारी के लिए बड़ी नकद राशि लेकर आए थे।

रुपयों से भरा बैग लेकर फरार

खरीदारी के बाद पिता-पुत्र आगे का सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान अंडा चौक के पास पहले से नजर रख रहे बाइक सवार बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने बेहद शातिर तरीके से व्यापारी को निशाना बनाया और उनके हाथ से करीब 3 लाख रुपये से भरा बैग झपट लिया।

वारदात इतनी तेजी से हुई कि व्यापारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर भीड़भाड़ वाले इलाके से फरार हो गए। व्यापारी और आसपास मौजूद लोगों ने पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे।

सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश लुटेरे

घटना की सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने व्यापार विहार, अंडा चौक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो नकाबपोश बाइक सवार संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने की जानकारी सामने आई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। शहर के विभिन्न मार्गों पर नाकेबंदी कर बाइक सवारों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

व्यापारियों में दहशत

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने व्यापार विहार के व्यापारियों को चिंता में डाल दिया है। व्यापारियों का कहना है कि जब शहर के सबसे व्यस्त बाजार में इस तरह खुलेआम लूट हो सकती है तो आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। व्यापारियों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध तत्वों पर निगरानी रखने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

विशेष टीम गठित, आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। सीसीटीवी फुटेज, बाइक की पहचान और संदिग्धों के हुलिए के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

अभनपुर ब्रेकिंग: बैंक मित्र से 2 लाख की फिल्मी अंदाज में लूट, आंखों में झोंका मिर्च पाउडर, चाकू दिखाकर नकदी-मोबाइल लेकर फरार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button