तालाब किनारे मिले मगरमच्छ के छह नवजात बच्चे, ग्रामीणों में मचा हड़कंप, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तालाब किनारे मगरमच्छ के छह नवजात बच्चे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी बच्चों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। मामला बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार रतनपुर के बिकमा तालाब में सुबह कुछ ग्रामीण स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर तालाब के बाहरी हिस्से में बने एक गड्ढे पर पड़ी, जहां मगरमच्छ के छह छोटे-छोटे बच्चे मौजूद थे। अचानक नवजात मगरमच्छों को देखकर लोग हैरान रह गए। संभावित खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना रतनपुर थाना पुलिस और वन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी छह नवजात मगरमच्छों को सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें वन विभाग के कार्यालय ले जाया गया, जहां विशेषज्ञों द्वारा उनकी स्वास्थ्य जांच की गई।

खुटाघाट बांध में छोड़ा गया प्राकृतिक आवास में

वन विभाग की जांच के बाद सभी नवजात मगरमच्छों को उनके अनुकूल प्राकृतिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए खुटाघाट बांध क्षेत्र में छोड़ दिया गया। वन अधिकारियों के अनुसार खुटाघाट बांध में पहले से बड़ी संख्या में मगरमच्छ पाए जाते हैं, जिससे यह क्षेत्र उनके संरक्षण और विकास के लिए उपयुक्त माना जाता है।

वन विभाग ने की जागरूकता की अपील

वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में वन्यजीव दिखाई दें तो उन्हें नुकसान पहुंचाने या पकड़ने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचना दें, ताकि वन्यजीवों का सुरक्षित संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

छुरा ब्रेकिंग: कुंए में गिरा तेंदुआ, रेस्क्यू के दौरान बाल-बाल बचे रेंजर, गांव में मचा हड़कंप, देखिए वीडियो

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button