ब्रेकिंग: घटारानी के जंगल में बाल-बाल बची युवक की जान, मादा तेंदुए ने किया हमला

कुछ दिन पहले भालू के हमले से भी दहला था क्षेत्र, लगातार वन्यजीव हमलों से बढ़ी दहशत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के वन परिक्षेत्र पाण्डुका अंतर्गत घटारानी के जंगल में रविवार को एक युवक की जान बाल-बाल बच गई, जब उस पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक सहायता के बाद उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिंगेश्वर भेजा गया। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में भालू के हमले की घटना सामने आ चुकी है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार ग्राम जमाही निवासी भीखम कमार (19 वर्ष) तेंदूपत्ता बांधने के लिए उपयोग होने वाली रस्सी लाने जंगल गया था। इसी दौरान लोटेश्वर महादेव मंदिर के पास छांव में एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ आराम करने बैठी हुई थी। युवक अनजाने में उसकी ओर बढ़ गया।

अपने बच्चों के पास किसी खतरे की आशंका से मादा तेंदुआ अचानक हमलावर हो गई और युवक पर झपट पड़ी। तेंदुए के हमले से युवक घबरा गया, लेकिन किसी तरह उसने खुद को बचाया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। हालांकि हमले में वह घायल हो गया। किसी तरह वह गाँव तक पहुचा और वन विभाग को इसकी सुचना दी गई।

वन विभाग ने लोगों से की अपील

बिटगार्ड राहुल श्रीवास ने बताया कि मादा तेंदुआ अपने बच्चों के साथ होने के कारण अधिक सतर्क और आक्रामक थी। युवक के नजदीक आने पर उसने हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एक हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। साथ ही 108 एंबुलेंस की मदद से उसे बेहतर इलाज के लिए फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रवाना किया गया।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में एक भालू ने भी एक ग्रामीण पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। लगातार हो रही वन्यजीवों की घटनाओं से जंगल से लगे गांवों के लोगों में भय और चिंता का माहौल है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल जाते समय विशेष सावधानी बरतें। खासकर जब वन्य जीव अपने बच्चों के साथ हों, तब वे अधिक खतरनाक हो जाते हैं और जरा सा भी खतरा महसूस होने पर हमला कर सकते हैं। इसलिए जंगल में सतर्कता और दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1

यह खबर भी जरुर पढ़े

घटारानी-जतमई मार्ग के जंगल में भालू का हमला, राहगीर हुआ घायल, बाल-बाल बची जान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button