रंग मिला गुपचुप पानी, मैंगो जूस और खराब खाद्य सामग्री पर कार्रवाई, खाद्य एवं औषधि विभाग का सघन जांच अभियान
दो दिनों में 44 दुकानों की जांच

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) रायपुर :– प्रदेश में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा “सही दवा, शुद्ध आहार—यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत 15 दिवसीय सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम जिलेभर में निरीक्षण के साथ-साथ आम नागरिकों को जागरूक भी कर रही है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य मिलावटी खाद्य पदार्थों, नकली दवाओं और अस्वच्छ खाद्य सामग्री पर रोक लगाना है, साथ ही लोगों को सुरक्षित भोजन, पौष्टिक आहार और शुद्ध दवा के प्रति जागरूक करना भी है।
27 गुपचुप और चाट सेंटरों का निरीक्षण
अभियान के प्रथम दिवस शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चाट, गुपचुप सेंटरों और अन्य स्ट्रीट वेंडर्स की जांच की गई। इस दौरान समोसा, चाट और दही बड़ा के दो नमूने जांच हेतु लिए गए। रंगयुक्त गुपचुप पानी मिलने पर लगभग 20 लीटर गुपचुप पानी मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही लगभग 2 किलोग्राम कालातीत (एक्सपायरी) ब्रेड भी नष्ट कराई गई। पहले दिन कुल 27 गुपचुप और चाट सेंटरों का निरीक्षण किया गया।
7 बोतलें नष्ट कराई गईं

अभियान के दूसरे दिन गन्ना रस, सॉफ्ट ड्रिंक, आइसक्रीम और जूस सेंटरों पर विशेष जांच की गई। इस दौरान 17 दुकानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें एक दुकान को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान 6 किलो खराब नींबू, 5 किलो मैंगो पल्प तथा रंगयुक्त सोडा वॉटर की 7 बोतलें नष्ट कराई गईं।
खाद्य एवं औषधि विभाग ने सभी दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों के अनुरूप दुकान संचालन के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX
यह खबर भी जरुर पढ़े
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की रेड: 9 बोरी ‘पान पसंद’ गुटखा जब्त, जांच के लिए भेजा गया सैंपल











