रायपुर कलेक्टर के निर्देश पर अवैध कब्जे के खिलाफ जिला प्रशासन ने की कार्रवाई, बुलडोजर कार्रवाई कर हटाया गया कब्जा
भूमि स्वामी को सौंपी गई जमीन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा शासकीय एवं निजी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम फुण्डहर में प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जा हटाया।
जिला प्रशासन द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम फुण्डहर स्थित खसरा क्रमांक 54/127 के कुल रकबा 0.0352 हेक्टेयर भूमि पर संजय अग्रवाल, पिता राधेश्याम अग्रवाल, निवासी शंकर नगर द्वारा किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने बुलडोजर की कार्रवाई के माध्यम से हटाया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग, नगर पालिक निगम एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही।
नायब तहसीलदार सुश्री ज्योति सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मौके का निरीक्षण करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई की। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान मौके पर पर्याप्त पुलिस बल भी मौजूद रहा, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
भूमि स्वामी को सौंपी गई जमीन
अवैध कब्जा हटाए जाने के बाद संबंधित भूमि को विधिवत रूप से भूमि स्वामी यशोदा एसोसिएट एवं पार्टनर योगेश आहूजा को सौंप दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि भूमि पर अवैध कब्जे को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में सख्ती का संदेश गया है। अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी भूमि पर बिना वैध दस्तावेज एवं अनुमति के कब्जा न करें और भूमि संबंधी मामलों में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करें।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











