सिलेंडर ब्लास्ट में जिंदा जला परिवार, डेढ़ साल की मासूम समेत 4 की दर्दनाक मौत, घर बना आग का गोला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मंगलवार दोपहर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। एक मकान में भीषण आग लगने के बाद सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिससे एक ही परिवार के चार लोग जिंदा जल गए। हादसे में दो बहनें, उनके पिता और डेढ़ साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 2.30 बजे बिजली पोल के तार में शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी मकान की छप्परनुमा छत पर जा गिरी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलते हुए किचन तक पहुंच गई, जहां रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया।

सो रहा था परिवार

धमाका इतना भीषण था कि पूरा घर आग के गोले में तब्दील हो गया। उस वक्त घर के भीतर होमदास उर्फ अनिल वैष्णव (45), उनकी बेटियां लक्ष्मी वैष्णव (18) और चांदनी वैष्णव (17) के साथ डेढ़ साल की मासूम गोपिका मौजूद थी। बताया जा रहा है कि सभी लोग खाना खाने के बाद घर में सो रहे थे। आग और धमाके के बीच उन्हें संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया और चारों जिंदा जल गए।

पत्नी-बेटी काम पर गई थी

घटना के समय अनिल की पत्नी गिरिजा बाई और उनकी दूसरी बेटी भारती मजदूरी करने बाहर गई हुई थीं, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पूरा मकान जलकर खाक हो चुका था।

मौके से चारों के जले हुए शव बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सांसद विजय बघेल, मंत्री गजेंद्र यादव, श्यामबिहारी जायसवाल समेत जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

पावर प्लांट में दर्दनाक हादसा : बॉयलर ब्लास्ट होने से 10 मजदूरों की मौत कई घायल, PM और CM ने की सहायता राशि की घोषणा, जांच के दिए निर्देश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button