507 से अधिक लोगों ने एक स्वर में गाया राष्ट्रगीत; भारत माता के जयकारों से गूंज उठा सरस्वती शिशु मंदिर परिसर
देशभक्ति के रंग में रंगा नवापारा, ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गान ने रचा इतिहास

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– माँ भारती की जयगान स्वरूप ‘वंदे मातरम्’ के 150 स्वर्णिम वर्ष के उपलक्ष्य में 25 सितंबर को सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नवापारा-राजिम में आयोजित भव्य सामूहिक गान कार्यक्रम देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए ऐतिहासिक बन गया।
सुबह 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पूर्व विद्यार्थियों, मातृशक्ति, अभिभावकों और नगरवासियों सहित लगभग 507 लोग शामिल हुए। सभी ने एक स्वर और एक लय में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गान किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर भारत माता के जयकारों और देशभक्ति की गूंज से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम में नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय राजिम के सेवानिवृत्त प्राचार्य रमाकांत शर्मा रहे। अध्यक्षता विद्यालय समिति के सहसचिव कोमल साहू ने की, जबकि वरिष्ठ शिक्षक नरेश यादव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
भारत भूमि की आराधना का प्रतीक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रमाकांत शर्मा ने ‘वंदे मातरम्’ के महत्व और उसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत भूमि की आराधना का पावन प्रतीक है। उनके संबोधन ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रभावना और देशभक्ति का उत्साह और बढ़ा दिया।
विशेष अतिथि वरिष्ठ शिक्षक नरेश यादव ने ‘वंदे मातरम्’ के गौरवशाली इतिहास से उपस्थित जनों को परिचित कराया। उन्होंने बताया कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित यह गीत स्वतंत्रता संग्राम के दौरान राष्ट्र जागरण का महत्वपूर्ण माध्यम बना और इसने स्वतंत्रता सेनानियों में साहस तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत किया।
‘ऐतिहासिक आयोजन ने रचा इतिहास’

विद्यालय समिति के सहसचिव कोमल साहू ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ का यह ऐतिहासिक आयोजन वास्तव में इतिहास रचने वाला कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय चेतना और एकता से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की शिक्षिका एवं उद्घोषिका सरोज कंसारी ने किया। उनके प्रभावी मंच संचालन से कार्यक्रम में शुरुआत से लेकर समापन तक राष्ट्रभक्ति का उत्साह बना रहा।
नई पीढ़ी को राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने का प्रयास
कार्यक्रम की सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य गौरीशंकर निर्मलकर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों, नगरवासियों और आयोजन में सहयोग देने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज का भव्य आयोजन नई पीढ़ी को भारत की सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने का सफल अभियान साबित हुआ है। नगरवासियों की सामूहिक सहभागिता ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने हिंदुस्तान के निर्माण, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य भी ‘वंदे मातरम्’ के माध्यम से एकता, सद्भावना और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना रहा।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. प्रकाश गुप्ता, डॉ. उमा गुप्ता, डॉ. पुनीत गोस्वामी, गोपाल यादव, रूपेंद्र चंद्राकर, रविशंकर साहू, संजय बंगानी, चम्पूराम साहू, गैंदराम साहू, प्रेम साधवानी, संतोष माखीजा, सौरभ जैन, मेघनाथ साहू, रोहित देवांगन, आत्माराम साहू, भरोसी राम साहू, अर्जुन कुमार, अभिषेक दुग्गड़, प्रदीप मिश्रा, नवीन कुमार लालवानी, पवन सोनकर सहित रामजानकी शिशु मंदिर एवं नवीन प्राथमिक शाला के विद्यार्थीगण तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
गुरुजनों का सम्मान और हरियाली का संदेश, नवापारा सशिमं के पुरातन छात्रों ने शिक्षक दिवस को बनाया खास











