अभनपुर ब्रेकिंग: बाइक समेत पानी में मिला शव, इस बात की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– अभनपुर इलाके से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नाले में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव के पास बाइक भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का माना जा रहा है, लेकिन मृतक के सिर पर चोट के निशान से मौत संदिग्ध हो गई है। पुलिस फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटना रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार अभनपुर और शराब दुकान मार्ग के बीच स्थित नाले में शुक्रवार सुबह लोगों ने एक बाइक पानी में गिरी हुई देखी। पास जाकर देखने पर नाले के भीतर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखते ही इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ जुट गई। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
रात से घर नहीं लौटा था मृतक
सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव व बाइक को नाले से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान गंगादीन साहू (57 वर्ष) निवासी ग्राम गिरोला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गंगादीन गुरुवार रात से घर नहीं लौटे थे, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश कर रहे थे।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने आशंका जताई है कि बाइक अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई होगी, जिससे हादसा हुआ। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह केवल दुर्घटना है या इसके पीछे कोई और वजह है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच जारी है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
पूर्व सरपंच के बेटे की संदिग्ध हालत में मिली लाश, हत्या या हादसा, पुलिस जुटी जांच में











